डिजिटल डेस्क, पुणे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत, उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के रिकार्ड को बदनाम कर रहे हैं।
उन्हें समझना चाहिए कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से उन्हें सत्ता हासिल करने में मदद नहीं मिलेगी। सत्ता पाने के लिए उन्हें विदेश जाना बंद करके गांवों का दौरा शुरू करना चाहिए।
पुणे में नेशनल हेवी इंजीनियरिंग कोआपरेटिव पुनरुद्धार पहल का शिलान्यास करने के बाद शाह ने कहा कि बार-बार चुनावी हार से निराश कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और उसके नेतृत्व को निशाना बना रही है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली तेलंगाना सरकार की ओर से 13-14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के बारे में शाह ने कहा कि इसमें देश और विदेश से वामपंथी विचारधारा के समर्थकों को आमंत्रित किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के युवराज (राहुल गांधी) भी भारत समिट नामक इस सम्मेलन में शामिल हुए, जहां उन्होंने भारत-विरोधी विचार रखकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को बदनाम किया। उन्हें समझना चाहिए कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से उन्हें सत्ता हासिल करने में मदद नहीं मिलेगी।’
शाह ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के कारण अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि और विश्वसनीयता बनाए रखने में बाधा नहीं आनी चाहिए। चाहे सत्तारूढ़ दल हो, विपक्ष हो या कोई अन्य राजनीतिक दल, क्या अंतरराष्ट्रीय श्रोताओं के सामने भारत और उसके प्रधानमंत्री को बदनाम करना उचित ठहराया जा सकता है?
राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने भारत की विकास गाथा एवं लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं और देशभर के मतदाताओं को वोट डालते समय इसका जवाब देना चाहिए।
शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे चुनावी प्रदर्शन को लेकर अपने नेतृत्व से सवाल करें। साथ ही चेतावनी दी कि मौजूदा राजनीतिक दृष्टिकोण पर चलते रहने से कांग्रेस अगले 30 वर्षों तक सत्ता से बाहर रह सकती है।
शाह ने कहा, ‘चुनाव जीतना या हारना राजनीतिक दलों व उनके नेताओं के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। कांग्रेस को 10 वर्ष (2004-14) तक देश पर शासन करने का अवसर मिला, लेकिन उसके कार्यकाल में 12 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। आखिरकार लोगों ने पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया और नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाया।’
गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का पिछले 12 वर्षों का रिकार्ड भ्रष्टाचार-मुक्त रहा है और प्रधानमंत्री पर चार आने तक का एक छोटा-सा आरोप भी नहीं लगा है। कांग्रेस शासनकाल में सहकारिता क्षेत्र के लिए अलग मंत्रालय की मांग उठी थी, लेकिन इसे पूरा प्रधानमंत्री मोदी ने किया।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तहत देश ने कृषि, औद्योगिक विकास, अंतरिक्ष कार्यक्रम, स्टार्टअप इकोसिस्टम, रेलवे के आधुनिकीकरण, विमानन बुनियादी ढांचे और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का आरोप
कांग्रेस की पुणे इकाई ने रविवार को शाह के शहर के दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने को लेकर पुलिस की आलोचना की।
सोशल मीडिया पर पोस्ट एक वीडियो संदेश में शहर कांग्रेस प्रमुख प्रशांत जगताप ने आरोप लगाया कि जब भी शाह पुणे आते हैं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से हिरासत में ले लिया जाता है, जबकि पार्टी ने किसी आंदोलन की घोषणा भी नहीं की होती।
उन्होंने इस कथित कार्रवाई की निंदा की और कहा कि विपक्षी कार्यकर्ताओं के साथ किया जा रहा व्यवहार सत्तावादी रवैये को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह जारी रहा, तो भविष्य में प्रधानमंत्री या केंद्रीय गृह मंत्री जब भी पुणे आएंगे, उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)












