Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश बसवार में सरकारी योजनाओं और सुरक्षा पर शिविर:महिला-बाल सुरक्षा, हेल्पलाइन और कानूनी...

बसवार में सरकारी योजनाओं और सुरक्षा पर शिविर:महिला-बाल सुरक्षा, हेल्पलाइन और कानूनी सहायता की जानकारी दी

महराजगंज के ग्राम पंचायत बसवार में बुधवार को जागरूकता शिविर लगा। पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति ने ‘सुरक्षित शैशव कार्यक्रम’ के तहत पंचायत भवन में शिविर आयोजित किया। इसमें ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, महिला सशक्तिकरण और बच्चों की सुरक्षा की जानकारी दी गई। शिविर में गांव की महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी ने प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। इनमें निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वन स्टॉप सेंटर, रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मिशन वात्सल्य, शक्ति सदन, हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वुमेन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और दत्तक ग्रहण इकाई शामिल हैं। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के इस्तेमाल की जानकारी भी दी। थाना चौक से आए हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव और महिला कांस्टेबल सीमा ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत ‘हर नारी की सुरक्षा, हर नारी का अधिकार’ विषय पर बात की। उन्होंने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और महिला उत्पीड़न के मामलों में पुलिस सहायता, कानूनी सलाह, मनोवैज्ञानिक परामर्श और आत्मरक्षा प्रशिक्षण की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा पर भी बात की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरालीगल वालंटियर्स पूर्णिमा गौतम और खुशी राव ने निशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत और महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी। पंचायत मित्र जोखन प्रसाद ने ग्राम विकास योजनाओं और स्व-जनगणना का महत्व बताया। पंचायत सहायक विपिन तिवारी ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समझाई। समिति के श्रवण कुमार ने बाल श्रम, बाल विवाह और बाल तस्करी रोकने के लिए ‘गुड पेरेंटिंग’ पर जोर दिया। आनंद कुमार ने साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए। कार्यक्रम का समापन कृष्ण मोहन के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।