नगर थाना क्षेत्र के नगर बाजार (बरदहिया) में दहेज में कार की मांग को लेकर एक विवाहिता से मारपीट कर उसे घर से निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी 8 मई 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने के आभूषण और 5 लाख रुपए नकद दिए थे। आरोप है कि शादी के चार दिन बाद से ही ससुराल वाले कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे ताने दिए गए और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 29 अक्टूबर की रात उसके खाने में कुछ मिला दिया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में इलाज कराना पड़ा। 13 नवंबर को विवाद बढ़ने पर उसके साथ कथित तौर पर पाइप से मारपीट की गई।
आरोप है कि समझाने पहुंचे मायके पक्ष के लोगों की बात नहीं सुनी गई। उसी रात ससुराल वालों ने पीड़िता से मारपीट की, उसका सामान छीन लिया और पहने हुए कपड़ों में ही घर से बाहर निकाल दिया।
इसके बाद पीड़िता ने नगर थाने में शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।