बस्ती में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूचियों को लेकर मंगलवार दोपहर 1 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उप जिला मजिस्ट्रेट कीर्ति प्रकाश भारती ने की। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची को लगातार अपडेट करने की प्रक्रिया और संबंधित फॉर्म की जानकारी दी गई। उप जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि 6 जनवरी 2026 को आखिरी बार प्रकाशित मतदाता सूचियों की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को दे दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अभी इन मतदाता सूचियों को लगातार अपडेट किया जा रहा है। फॉर्म-8 भरकर बदलाव कराया जा सकता है उन्होंने जानकारी दी कि अगर कोई योग्य शिक्षक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से छूट गया है, तो वह फॉर्म-19 ऑनलाइन या ऑफलाइन भर सकता है। ऑफलाइन फॉर्म-19 को जिला विद्यालय निरीक्षक से साइन कराने के बाद संबंधित अधिकारी, उप जिलाधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय बस्ती में जमा किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची में शामिल किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 जमा कर सकते हैं। वहीं, किसी मतदाता के नाम, पिता का नाम, उम्र, शिक्षण संस्थान का नाम या फोटो में गलती होने पर फॉर्म-8 भरकर बदलाव कराया जा सकता है। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ उप जिलाधिकारी राजेश यादव, सहायक निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश, वरिष्ठ प्रधान सहायक अजय पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक पीयूष परमहंस और संबंधित अधिकारी शामिल रहे।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ शिक्षक मतदाता सूची में नाम जोड़ने का मौका:पुनरीक्षण जारी, छूटा तो फॉर्म-19...





















