Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश भिनगा के बालिका कॉलेज में संविधान पर शिविर लगा:छात्राओं को मौलिक अधिकार,...

भिनगा के बालिका कॉलेज में संविधान पर शिविर लगा:छात्राओं को मौलिक अधिकार, कर्तव्य, समानता और मुफ्त कानूनी मदद की जानकारी दी

श्रावस्ती के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में ‘संविधान से संवाद’ विषय पर कानूनी जागरूकता शिविर लगा। इसमें छात्राओं को संविधान और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर हुआ। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रमेश चंद्र-प्रथम के निर्देशन और प्राधिकरण की सचिव अनुप्रिया के मार्गदर्शन में शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल वकील और वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। साथ ही, उन्हें संविधान और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए कहा। डिप्टी चीफ एलएडीसी जगदंबा त्रिपाठी ने संविधान के महत्व, समानता के अधिकार, मुफ्त कानूनी मदद और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक नागरिक बनने की अपील की। शिविर में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. एकता यादव, सहायक अध्यापिका सीमा यादव, प्रतिभा मिश्रा और रेनू यादव मौजूद रहीं। वरिष्ठ लिपिक दयाराम, पीएलवी माला शर्मा और किरन चौरसिया सहित छात्राएं भी शामिल हुईं।