पनियरा थाना क्षेत्र के जंगल जरलहा उर्फ तेंदुअहिया टोला बलुअहिया में एक वृद्ध साधु से मारपीट की घटना सामने आई है। रविवार सुबह साधु ने अपनी कुटिया के सामने गंदा पानी गिराने से मना किया था। इस पर पड़ोस के दो लोगों ने उनसे गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से पीटा। पीड़ित रामवृक्ष साधु पुत्र स्वर्गीय जसई ने पनियरा थाने में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह जंगल जरलहा उर्फ तेंदुअहिया के टोला बलुअहिया में साधु-संत का जीवन जीते हुए झोपड़ी में रहते हैं। उनका कहना है कि बगल में रहने वाले दिलीप पुत्र लुटावन और वीरेंद्र पुत्र लुटावन उनकी कुटिया के सामने गंदा पानी गिराते हैं। रामवृक्ष साधु ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7:30 बजे उन्होंने गंदा पानी गिराने से मना किया। इस पर दोनों आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लात-मुक्कों और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की गई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी आए दिन उनसे विवाद करते हैं और मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि वृद्ध साधु की मारपीट के मामले में शिकायत मिली है। पुलिस पीड़ित की मेडिकल जांच करा रही है। शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
पानी गिराने से मना करने पर वृद्ध साधु से मारपीट:पनियरा के तेंदुअहिया में हुआ विवाद, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
और पढ़ें
संबंधित खबरें









































