श्रावस्ती में लगातार बारिश और तेज हवाओं से धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक असलम राईनी ने हरिहरपुर रानी समेत कई इलाकों का दौरा कर खेतों में फसलों का जायजा लिया।
बारिश के कारण हरिहरपुर रानी क्षेत्र में दो दर्जन से ज्यादा किसानों की करीब 30 बीघा फसल पानी में डूब गई है। सोमवार सुबह से धूप के लिए जिससे किसानों को थोड़ी राहत मिली है. किसान रमाकांत, नीबर, रामसुख और बडेलाल समेत कई किसानों ने बताया कि अगर फिर बारिश हुई तो और ज्यादा नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि किसानों ने महंगा खाद, बीज और डीजल खरीदकर कर्ज लेकर फसल तैयार की थी। अब कुदरत की मार ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने और पानी में डूबने से किसानों पर आर्थिक संकट आ गया है।
पूर्व विधायक असलम राईनी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फसल नुकसान का जल्द सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और मदद दी जाए। उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं, उनकी मेहनत और आजीविका बचाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।











































