कुआनो नदी का जलस्तर बढ़ने से गौर विकास खंड के बक्सई घाट के पास रघुनाथपुर मार्ग बह गया है। इससे दर्जनों गांवों का जिला और ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर नाव से नदी पार करने को मजबूर हैं। यह मार्ग गौर-सदर ब्लॉक को जोड़ता है। सड़क कटने से वाल्टरगंज, बक्सई, दयालपुर, रघुनाथपुर, डमरूआ जंगल, जतहा, सिकटा और मैनसिर सहित कई गांवों का संपर्क कटा है। आवागमन ठप होने से पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा का सामान लाने में दिक्कत हो रही है। बाढ़ से सैकड़ों बीघा फसलें बर्बाद हो गई हैं। स्थानीय निवासी योगेंद्र कुमार, सुनील निषाद, तुलसीराम निषाद, मुकेश निषाद, राजू निषाद, रामवृक्ष, संतोष सोनकर, कुंदन यादव और डॉ. निगम ने बताया कि यह समस्या हर साल बारिश में आती है। प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठाता। ग्रामीणों ने सड़क की तुरंत मरम्मत और कटान रोकने के लिए पक्का निर्माण कराने की मांग की है।
रघुनाथपुर मार्ग कटने से दर्जनों गांवों का संपर्क कटा:नाव के सहारे सफर करने को मजबूर ग्रामीण
और पढ़ें
संबंधित खबरें












































