विक्रमजोत विकास क्षेत्र के गांवों और कस्बों में रविवार को छठ पूजा मनाई गई। व्रती महिलाओं ने नदी, तालाब और पोखरों के घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
.
शाम करीब चार बजे से व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचने लगे। महिलाएं सिर पर पूजा सामग्री और हाथों में सजे सूप-दौरे लेकर छठ गीत गाते हुए घाटों की ओर गईं। शाम ढलने पर घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर दूध और जल से सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की।
पर्व के लिए घरों में सुबह से तैयारियां चलती रहीं। महिलाओं ने ठेकुआ, कसार और दूसरे पकवान बनाए। पूजा के लिए फल, फूल और अन्य सामग्री से सूप सजाए गए। गांवों में लोग एक-दूसरे के घर पूजा सामग्री भी बांटते रहे।
क्षेत्र के रामरेखा नदी, सरयू नदी के ठोकर नंबर 10, सरसंडा, नटौवा, कल्याणपुर के सीतारामपुर घाट, बाघानाला, केशवपुर और परसरामपुर क्षेत्र के मनोरमा नदी के कोहराएं घाट पर पूजा हुई। मखौड़ाधाम और सिकन्दरपुर सहित अन्य घाटों पर भी श्रद्धालु पहुंचे।
विक्रमजोत के पड़ाव और कल्याणपुर के सरयू नदी घाट पर कालिंदी ठठेरा, संगीता कसौधन (समाज सेविका), पिंकी, दीपा, बिट्टन, संतोष, कौशल्या पटवा, रेनू ठठेरा, पूनम, राखी, बृजेश कश्यप, भोलेनाथ, माता प्रसाद कसौधन, भीम और संजय सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का समापन होगा।














