Home Blog Page 144

NSG के ब्लैक कैट कमांडो को हीट स्ट्रोक से बचाएगी नाइको से बनी यूनिफॉर्म, 44 डिग्री तापमान में भी जवान रहेंगे सुरक्षित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भीषण गर्मी और उससे होने वाली थकान को देखते हुए नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) ने अपने ब्लैक कैट कमांडो के लिए एक नई हवादार (ब्रीदेबल) यूनिफार्म की सिफारिश की है।

सुरक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने बताया कि यह कदम अप्रैल में हुई एक घटना के बाद उठाया गया है, जब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा में तैनात एक कमांडो बेहोश हो गया था।

उस दिन विजयवाड़ा में तापमान लगभग 44 डिग्री था। कमांडो ने अपनी काली यूनिफार्म के ऊपर बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी थी, सिर पर काली टोपी थी और कमर के चारों ओर छोटे हथियार लगे थे।

इस वजह से उसे हीटस्ट्रोक हो गया। एनएसजी की क्लोज प्रोटेक्शन फोर्स के कमांडरों और मुख्यालय के विशेषज्ञों ने घटना को गंभीरता से लिया।

एक सूत्र ने बताया, “एनएसजी के वीआइपी सुरक्षा कमांडो की काली यूनिफार्म के लिए नाइको नाम के ऐसे मटीरियल का सुझाव दिया गया है, जो हवा को आसानी से आर-पार जाने देता है और इसमें नायलान और काटन का मिश्रण होता है।” नाइको से हवा और नमी आसानी से आर-पार जा सकती है, जिससे पहनने वाले को ठंडक मिलती है।

एक अधिकारी ने बताया कि नाइको से बनी यूनिफार्म का इस्तेमाल सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो करते हैं। नए कपड़ों का ट्रायल पूरा हो चुका है और एनएसजी जल्द ही यह मटीरियल खरीदेगी।’ उम्मीद है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा होने तक एनएसजी कमांडो नए मटीरियल से तैयार यूनिफार्म में नजर आएंगे।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

लक्ष्मणपुर में लक्ष्मी-गणेश पूजा के बाद कन्या पूजन:आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालु, बुधवार को होगा प्रतिमा विसर्जन

जमुनहा, श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अचरोरा शाहपुर के मजरा लक्ष्मणपुर में स्थापित लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा को लेकर धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। चार दिन पूर्व दीपावली से पहले विधि-विधान के साथ मूर्ति स्थापित की गई थी। इसके बाद से ही प्रतिदिन श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को प्रतिमा स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान कन्याओं को विधिवत पूजन कर भोजन कराया गया और उनका आशीर्वाद लिया गया। पूजा में शामिल होने के लिए लक्ष्मणपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार बुधवार को विधि-विधान के साथ लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन की तैयारियां भी की जा रही हैं। धार्मिक आयोजन में ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने भ्रामक सूचना और डीपफेक को बताया गंभीर खतरा, स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि लोगों में डर फैलाने के लिए भ्रामक सूचना का प्रसार गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है और स्मार्ट पुलिसिंग से हालात को ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने से रोका जा सकता है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने मंगलवार को यहां राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात करने आए भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के 2025 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डीपफेक सामग्री नए खतरे पैदा कर रही है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पुलिस अधिकारियों को अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने वाले अपराधियों से हमेशा आगे रहना चाहिए। लोगों में डर फैलाने के लिए भ्रामक सूचना का प्रसार गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा,”आसानी से प्रभावित होने वाले लोगों, खासकर युवाओं को सुनियोजित दुष्प्रचार से गुमराह किया जा सकता है। ऐसी सुनियोजित शरारत स्थानीय, क्षेत्रीय या यहां तक कि राष्ट्रीय स्तर पर भी हो सकती है।”

उन्होंने कहा,”स्मार्ट पुलिसिंग से ऐसे हालात को ज्यादा चुनौतीपूर्ण और बड़ा होने से रोका जा सकता है।”

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से फैल रहे हैं और ज्यादा गंभीर होते जा रहे हैं। नागरिकों के लिए पुलिस अधिकारी और कांस्टेबल शासन व्यवस्था के प्रतीक होते हैं।

राष्ट्रपति ने आईपीएस अधिकारियों से सामाजिक या आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का डर दूर करने और उनकी शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। ऐसे लोगों की आम तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच नहीं होती।

चार लोगों ने पिता और दो बेटों से मारपीट की:लखिमा में तीनों घायल; दो आरोपियों का शांतिभंग में चालान

परतावल के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के लखिमा गांव में 8 नवंबर की रात चार लोगों ने पिता और उनके दो बेटों से मारपीट की। तीनों घायल हो गए। उनका सीएचसी परतावल में इलाज कराया गया।
पीड़ित पारस चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गौरव यादव, शंभू, राहुल यादव और छोटे ने पहले बाजार टोला में उनके बेटों से मारपीट की। इसके बाद घर पहुंचकर पारस चौहान के साथ भी हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। दो आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है।

श्रवणपुर पांडेय में मां लक्ष्मी की पूजा:दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु; राना नागेश प्रताप सिंह ने कहा- धार्मिक आयोजन लोगों को जोड़ते हैं

बस्ती जिले के कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के श्रवणपुर पांडेय में मां लक्ष्मी की प्रतिमा के सामने पूजा-अर्चना की गई। दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। स्थानीय लोगों ने भी आयोजन में हिस्सा लिया। लोगों ने मां लक्ष्मी की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की उन्नति की कामना की। परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक के पुत्र राना नागेश प्रताप सिंह भी श्रवणपुर पांडेय पहुंचे। उन्होंने मां लक्ष्मी के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की। सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज के लोगों को एक साथ जोड़ते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से गांव और क्षेत्र में भक्ति, आपसी प्रेम और सौहार्द का माहौल बनता है। नई पीढ़ी को भी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से गांवों में होने वाले कार्यक्रम सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हैं। सामूहिक रूप से मनाए जाने वाले धार्मिक पर्व सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में रंगीलाल पाल, राजेश मौर्य प्रधान, रामबचन मास्टर साहब, सोनू शर्मा, राजेश कन्नौजिया, शिवदास कनौजिया और विशंभर शर्मा सहित क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

‘इसे जरा ध्यान से देखिए…’, 2002 के गुजरात दंगों को याद कर भावुक हुईं सोनिया गांधी; आत्मकथा में साझा किया सबसे दर्दनाक अनुभव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव में 2002 के गुजरात दंगों का जिक्र किया है।

सोनिया गांधी की किताब में में मुख्य रूप से 2002 की उस दर्दनाक हिंसा, राहत शिविरों के खौफनाक अनुभवों और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य से जुड़े कई अहम संस्मरण साझा किए गए हैं।

लोकसभा में विपक्ष की नेता थीं सोनिया

79 वर्षीय सोनिया गांधी, जो उस समय लोकसभा में विपक्ष की नेता थीं, लिखती हैं कि जब 2002 में गुजरात सांप्रदायिक दंगों की आग में झुलस रहा था, तब उन्होंने टीवी पर हिंसा की खबरें लाइव देखी थीं। इन दंगों की शुरुआत 27 फरवरी, 2002 को गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस की चार बोगियों में आग लगने से हुई थी, जिसमें 59 कारसेवकों की मौत हो गई थी।

इसके बाद पूरे राज्य में भीषण सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी, जिसमें मारे जाने वालों में सबसे बड़ी संख्या मुसलमानों की थी।

सोनिया गांधी ने लिखा है कि केबल टीवी के दौर में इस हिंसा का बड़ा हिस्सा लाइव दिखाया गया, जिसकी डरावनी तस्वीरों ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब हालात तेजी से बिगड़ रहे थे और उनके कांग्रेस साथी मदद के लिए बेबसी में फोन कर रहे थे, तब राज्य प्रशासन ने कोई जवाब नहीं दिया और कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

अहमदाबाद के राहत शिविरों का दौरा

बाद में सोनिया गांधी एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में अहमदाबाद गईं। वहां जाने को लेकर बीजेपी सरकार के साथ काफी खींचतान भी हुई थी। प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले राज्य के अधिकारियों से मुलाकात की, लेकिन उनके अनुसार अधिकारियों की रिपोर्ट में पीड़ित लोगों के प्रति कोई मानवीय संवेदना नहीं थी।

इसके बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी सदस्यों को बस में बिठाकर राहत शिविरों में ले जाया गया। एक शिविर का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में सबसे मर्मस्पर्शी और दिल दहला देने वाले पल को याद किया। व

हां एक पिता ने अपनी कमजोर और सहमी हुई बेटी को उनके सामने उठाया और बिलखते हुए कहा, ये देखिए, यह मेरी बच्ची है – इसे देखिए, जरा ध्यान से देखिए… राक्षसों ने इसकी बेटी के साथ बार-बार बलात्कार किया।

सोनिया गांधी लिखती हैं कि उस समय उनके पास सांत्वना के कुछ शब्दों के अलावा कहने के लिए कुछ नहीं बचा था।

पीएम मोदी के साथ वैचारिक मतभेद

किताब में आगे जिक्र किया गया है कि तब यह उम्मीद की जा रही थी कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को पद से हटा देंगे, लेकिन पार्टी के आंतरिक दबाव के कारण ऐसा नहीं हो सका।

इस हिंसा के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया हुई और 2005 में अमेरिका, ब्रिटेन व यूरोपीय देशों ने मुख्यमंत्री को वीजा न देने की घोषणा की थी, हालांकि बाद में उनके प्रधानमंत्री बनने पर इन्हीं देशों ने उनका सम्मान किया।

पुस्तक के एक अन्य हिस्से में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों और वैचारिक भिन्नताओं पर भी बात की है। उन्होंने लिखा है कि 12 साल से अधिक समय से प्रधानमंत्री होने के बावजूद उनके बीच कभी कोई वास्तविक व्यक्तिगत संवाद नहीं रहा है।

संसद के औपचारिक कार्यक्रमों के दौरान केवल नमस्ते या स्वास्थ्य को लेकर की गई दो-एक संक्षिप्त औपचारिक वार्ताओं तक ही उनका संपर्क सीमित रहा है।

श्रावस्ती में बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में चालक घायल:नेशनल हाईवे-730 पर हादसा; जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया

श्रावस्ती में नेशनल हाईवे-730 पर बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में ई-रिक्शा चालक राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में जेतवन इंटर कॉलेज के पास हुआ। वीरपुर चौराहा निवासी राजेश कुमार (29), पुत्र राममिलन, ई-रिक्शा लेकर कटरा से बलरामपुर जा रहे थे। जेतवन इंटर कॉलेज के पास उनकी ई-रिक्शा बाइक से टकरा गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस से राजेश कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बैट्री निर्माण क्षमता को लेकर जल्द आएगी नई नीति- प्रल्हाद जोशी

जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय मंत्री प्रल्हाद जोशी का कहना है कि वर्ष 2030 तक पांच लाख मेगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली का लक्ष्य हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं होगी और ना ही इस सेक्टर के लिए निवेश फंड की कोई कमी है।

सरकार जल्द ही देश में बैट्री क्षमता स्थापित करने को लेकर नई नीति लाएगी। नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से बिजली बनाने के मामले में भारत की अभी तक की प्रगति और आगे की तैयारियों पर प्रल्हाद जोशी ने दैनिक जागरण के सहायक संपादक जयप्रकाश रंजन से बात की। पेश हैं प्रमुख अंश…

नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की मुख्य उपलब्धियां क्या रही हैं?

प्रधानमंत्री मोदी की घोषणा के अनुसार, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित स्थापित बिजली क्षमता हासिल करने की दिशा में काम कर रहा है। भारत स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने वाले दुनिया के अग्रणी देशों में है। हम नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता जोड़ने की सबसे तेज गति हासिल कर चुके हैं।

कुल उत्पादन क्षमता 3.10 लाख मेगावाट के करीब पहुंच चुकी है। 2030 के लक्ष्यों को हासिल करने में मुझे नहीं लगता कोई समस्या आएगी। पीएम ने हमें वर्ष 2030 के बाद का काम सौंप दिया है। यानी नवीकरणीय क्षेत्र से पांच लाख मेगावाट बिजली क्षमता जोड़ने के बाद हम 300 गीगावाट (तीन लाख मेगावाट) जोड़ने पर मंथन शुरू कर चुके हैं। वर्ष 2035 तक हमारी कुल क्षमता 800 गीगावाट हो जाएगी।

क्या इस क्षेत्र में निवेश को लेकर फंड की कोई दिक्कत है?

देखिए, हमने अभी अभी समाप्त हुए भारत नवीकरणीय ऊर्जा समिट में देखा है कि भारत के गैर-पारंपरिक ऊर्जा क्षेत्र में निवेशक समुदाय की रूचि लगातार बढ़ती जा रही है। दो सम्मेलनों के बाद भारत के इस सेक्टर में सात लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। हमें वर्ष 2030 तक 21 लाख करोड़ रुपये की जरूरत होगी। सुनने में यह निवेश की बड़ी राशि दिखती है लेकिन भारत में ऊर्जा की जरूरत और सरकार की नीतियों को देखते हुए यह पूरी तरह से संभव दिखता है।

क्या भारत को एक समग्र ऊर्जा नीति की जरूरत है?

नहीं। मुझे नहीं लगता कि हमें अलग से समग्र ऊर्जा नीति की जरूरत है। वैसे ऊर्जा से जुड़े सरकार के सभी मंत्रालयों के बीच काफी बेहतर सामंजस्य हैं और हम समग्रता से ही काम कर रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, आप बैट्री स्टोरेज को लेकर हमारी नीतियों को देखिए। बिजली मंत्रालय और अपारंपरिक स्रोत व नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय अपनी-अपनी तरह से बैट्री क्षमता स्थापित करने की नीतियां लागू कर रहे हैं और दोनों एक दूसरे के पूरक हैं।

इस बारे में एक नई नीति की घोषणा भी जल्द की जाएगी। इसके तहत सौर या अन्य नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्र लगाने की मंजूरी तभी मिलेगी जब आपके पास चार-पांच घंटे की बैट्री क्षमता हो। यह देश में 24 घंटे पर्यावरण अनुकूल बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए किया जाएगा। इसी तरह से संपूर्ण बिजली सेक्टर में आत्मनर्भर बनने की दिशा में भी सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में समन्वय है।

नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में चीन से होने वाला निर्यात एक बड़ी समस्या है। क्या हम इस बारे में कोई नई नीति बनाएंगे?

इस संबंध में हमारी नीति किसी देश को लक्षित करके नहीं बनती। लेकिन नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमारी प्रगति काफी उल्लेखनीय है। पहले सौर ऊर्जा से जुड़े उपकरणों के निर्माण की हमारे पास सिर्फ दो हजार मेगावाट की क्षमता थी। आज हमारी उपकरण निर्माण क्षमता 1.72 लाख मेगावाट को पार कर चुकी है।

पहले बैट्री निर्माण की क्षमता कुछ नहीं थी, जो आज 47 हजार मेगावाट हो चुकी है। अगले साल यह क्षमता 70 हजार मेगावाट हो जाएगी। सौर ऊर्जा से जुड़े हर तरह के उपकरणों- जैसे सोलर माडयूल, इंगोट, वेफर का निर्माण भारत में होने लगा है और हम निर्यात भी करने लगे हैं।

राहुल देव ने सातवां ग्राम स्वराज व्याख्यान दिया:रामपुर उत्सव में डॉ. आरके मिश्र को आदर्श शिक्षक सम्मान

14वें रामपुर उत्सव का शुभारंभ मंगलवार को रामपुर बुजुर्ग स्थित श्री चंद्रिका शर्मा फूला देवी स्मृति सेवा ट्रस्ट परिसर में हुआ। दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत दीप जलाकर की गई। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, साहित्यकार और शिक्षाविद शामिल हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार, हिंदी सेवी और मातृभाषा प्रहरी राहुल देव ने सातवां ग्राम स्वराज व्याख्यान दिया। ‘मीडिया का धर्म और मीडिया में धर्म’ विषय पर उन्होंने कहा कि करुणा, प्रेम और दया की भावना ही धर्म है। उन्होंने कहा कि आस्था को भुनाने की नहीं, समझने की जरूरत है। राहुल देव ने मीडिया की सामाजिक भूमिका, नैतिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर भी बात की। मुख्य विकास अधिकारी महराजगंज महेंद्र कुमार सिंह ने उद्घाटन वक्तव्य दिया और आयोजन की सराहना की। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विश्वंभरनाथ शर्मा ने स्वागत वक्तव्य दिया। इस मौके पर ‘गांव’ पत्रिका के 11वें अंक का लोकार्पण हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए पीजी कॉलेज महराजगंज के पूर्व प्राचार्य और सिटीजन फोरम के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आरके मिश्र को आदर्श शिक्षक सम्मान दिया गया। छात्रा साक्षी और सान मोहम्मद को क्रमशः फूला देवी स्मृति और चंद्रिका शर्मा स्मृति प्रतिभा सम्मान मिला। दोनों विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र, किताबें और डॉ. शिप्रा शर्मा की ओर से 2-2 हजार रुपए दिए गए। प्राथमिक विद्यालय रामपुर बुजुर्ग की पांचवीं कक्षा के विद्यार्थी शिबा खान को डॉ. परशुराम गुप्ता की ओर से 5 हजार रुपए दिए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वेदप्रकाश पाण्डेय ने की। संचालन डॉ. शांतिशरण मिश्र ने किया और डॉ. अमरनाथ ने धन्यवाद दिया। शाम 7:30 बजे ‘द लीजेंड्स ऑफ भगत सिंह’ फिल्म दिखाई गई। इस मौके पर सीजे थॉमस, डॉ. परशुराम गुप्ता, विंध्यवासिनी सिंह, सर्वेश मिश्रा, डॉ. ओपी श्रीवास्तव, संतोष तिवारी, पशुपतिनाथ गुप्ता, प्रो. हिमांशु कुमार, डॉ. पूनम वर्मा और एडवोकेट अक्षिता मिश्र सहित कई लोग मौजूद रहे।

भगवानपुर में मां लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जित:निकली यात्रा, अमित कुमार और इंद्रजीत समेत गांव के लोग हुए शामिल

बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र के भगवानपुर गांव में मंगलवार को मां लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली गई। गांव के दिनेश के यहां स्थापित प्रतिमा की पूजा में परिवार और आसपास के लोग शामिल हुए। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और इलाके में शांति की कामना की। पूजा के बाद प्रतिमा को विदाई देने की तैयारी की गई। गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा में श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को विदा करते हुए अगले साल फिर आगमन की प्रार्थना की। इस दौरान अमित कुमार, इंद्रजीत, चंद्रशेखर और गांव के अन्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने गांव में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। ग्रामीण इलाकों में दीपावली पर मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा और विसर्जन करने की परंपरा है। भगवानपुर में भी इस आयोजन में गांव के लोगों ने हिस्सा लिया।