Home Blog Page 261

श्रावस्ती के किशन लाल ने जीता कांस्य पदक:हर्षित कुमार ने 21 और 3 किमी दौड़ में पहला स्थान पाया; दोनों का राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन

श्रावस्ती के एथलीट किशन लाल ने प्रयागराज में आज मंगलवार 3:00 बजे तक हुई 70वीं विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता की 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। उनका चयन राष्ट्रीय स्कूल प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। वहीं हर्षित कुमार ने सुल्तानपुर में 21 और 3 किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। उनका चयन ओडिशा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रयागराज के पंडित मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक हुई। एथलेटिक्स प्रशिक्षक विवेक कुमार ने बताया कि किशन लाल का चयन नवंबर में हुए ट्रायल के दौरान राष्ट्रीय स्कूल प्रतियोगिता के लिए किया गया था।
इससे पहले सुल्तानपुर में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सेवा समर्पण संस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश और अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की 27वीं क्रांति खेलकूद प्रतियोगिता हुई। इसमें हर्षित कुमार ने 21 और 3 किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान पाया। जिला क्रीड़ाधिकारी बृजेश कुमार सोनी और एथलेटिक्स कोच विवेक कुमार ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को लगातार अभ्यास और मेहनत करने के लिए कहा। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना बढ़ाते हैं। नियमित खेल से शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक मजबूती बेहतर होती है। उचित प्रशिक्षण और मौके मिलने पर ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच सकती हैं।

एअर इंडिया का बड़ा फैसला, यूरोप-अमेरिका के लिए उड़ानें मुंबई से संचालित करने की योजना

पीटीआई, नई दिल्ली। भारतीय एयरलाइनों के लिए पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण एअर इंडिया अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन में बदलाव कर यूरोप और अमेरिका जाने वाली अधिक उड़ानों को मुंबई से संचालित करने की योजना बना रही है। कंपनी के सीईओ और प्रबंध निदेशक तेवोल्डे गेब्रेमरियम ने मंगलवार को यह बात कही।

एविएशन इंडिया एंड साउथ एशिया, 2026 में गेब्रेमरियम ने कहा कि पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने का असर मुंबई की तुलना में दिल्ली पर अधिक पड़ा है। इसके चलते एयरलाइन अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के संचालन पर पुनर्विचार कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली से भी यूरोप व अमेरिका के लिए उड़ानों का संचालन जारी रहेगा। उपमहाद्वीप में विकेंद्रित संपर्क व्यवस्था की जरूरत पर जोर देते हुए एयरलाइन ने बताया कि वह बेंगलुरु को तीसरा परिचालन केंद्र बनाने की संभावना पर भी सक्रियता से विचार कर रही है।

गेब्रेमरियम ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि और भू-राजनीतिक समस्याओं जैसी कुछ प्रतिकूल परिस्थितियां पूरे विमानन उद्योग के लिए समान हैं, लेकिन पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने की समस्या से हमारे प्रतिस्पर्धी प्रभावित नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि एअर इंडिया विदेश में बाजार हिस्सेदारी वापस हासिल करने और लागत घटाने पर भी काम करेगी साथ ही कंपनी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए और वाइड-बाडी विमान खरीदने की योजना बना रही है। फिलहाल एअर इंडिया के पास 171 विमान हैं, जिनमें 61 वाइड-बाडी विमान हैं।

एयर इंडिया ने कुल 600 विमानों के आर्डर दिए हैं। इनमें से करीब 540 विमानों की आपूर्ति आने वाले वर्षों में होनी है। लंबित आर्डर में करीब 70 वाइड-बाडी विमान हैं।

महराजगंज में 5 नवंबर को रोजगार मेला लगेगा:18 कंपनियां 2,001 अभ्यर्थियों का चयन करेंगी; पंजीकरण और चयन प्रक्रिया निशुल्क

महराजगंज में 5 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेला लगेगा। जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज परिसर में होने वाले मेले में 18 कंपनियां करीब 2,001 अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। मेले में चयन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगे। पंजीकरण और चयन प्रक्रिया के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। इच्छुक अभ्यर्थी स्कैनर के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। जिन लोगों ने पहले पंजीकरण नहीं कराया है, वे भी चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि मेले के जरिए जिले के युवाओं को रोजगार देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने युवाओं से तय तारीख और समय पर जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज पहुंचने की अपील की।

पोखरनी चौराहे पर दो मोटरसाइकिलें टकराईं:चार लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल भेजे गए

नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के पोखरनी चौराहे पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर मडन गांव के दो लोग सवार थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर पोखरनी गांव निवासी लालमन चौधरी (लगभग 55 वर्ष) और मनी चौधरी (लगभग 26 वर्ष) सवार थे। दोनों मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने टक्कर होने से चारों लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद चौराहे पर मौजूद स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और दुर्घटना के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।

सुप्रीम कोर्ट की बड़ी चेतावनी, कहा- आधिकारिक वेबसाइट की नकल करने वाली फर्जी साइट से रहें सावधान

पीटीआई, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री ने मंगलवार को उसकी आधिकारिक वेबसाइट की नकल करने वाले फर्जी डोमेन के निर्माण को लेकर सार्वजनिक सूचना जारी की और सभी हितधारकों को निजी या वित्तीय जानकारी साझा नहीं करने की चेतावनी दी।

सूचना में कहा गया, यह एडवाइजरी 16 जुलाई, 2025; 28 अप्रैल, 2026 और 13 अगस्त, 2026 को जारी पूर्व सार्वजनिक नोटिसों के क्रम में जारी की गई है। ये नोटिस सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट की नकल करने वाली भ्रामक वेबसाइटों के बारे में थीं, जिन्हें टारगेटेड फिशिंग मेकेनिज्म के जरिये जनता को ठगने के इरादे से बनाया गया था।

रजिस्ट्री सभी हितधारकों को इस नए फर्जी डोमेन scigovinjudicial.com को लेकर आगाह करती है। यह डोमेन फिलहाल इस अदालत की आधिकारिक आनलाइन मौजूदगी की नकल है।

रजिस्ट्री ने कहा कि साइबर अपराधी उक्त लिंक के जरिये जनता से संवेदनशील निजी डाटा और गोपनीय लाग-इन विवरण हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।

सभी हितधारकों को निजी या वित्तीय जानकारी साझा करने के प्रति सख्ती से आगाह किया जाता है, क्योंकि ऐसी जानकारी देने से अपराधियों को डाटा चुराने में मदद मिल सकती है। रजिस्ट्री ने सभी को सतर्क रहने और इलेक्ट्रानिक संचार की प्रामाणिकता जांचने की सलाह दी।

रजिस्ट्री ने कहा, भारत का सुप्रीम कोर्ट sci.gov.in डोमेन का पंजीकृत यूजर है। लोगों को किसी भी वेबसाइट से जुड़ने से पहले उसके यूआरएल पर माउस ले जाकर उसकी प्रामाणिकता जांचने की सलाह दी जाती है।

जिन लोगों को संदेह है कि वे इस फिशिंग प्रयास का शिकार हुए हैं, उन्हें तुरंत अपने सभी ऑनलाइन खातों के पासवर्ड बदलने चाहिए और अनधिकृत पहुंच की सूचना देने के लिए अपने-अपने बैंकों को सूचित करना चाहिए।

रजिस्ट्री ने इससे पहले भी उसकी आधिकारिक वेबसाइट की नकल करने वाली कई फर्जी वेबसाइटों के निर्माण को लेकर सार्वजनिक सूचना जारी की थी और आगाह किया था कि वे लोगों से निजी जानकारी और गोपनीय विवरण मांग रही हैं।

वक्फ संशोधन कानून की संवैधानिक वैधता पर 21 जनवरी को सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई अगले साल 21 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दी।

जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने सभी पक्षों को 31 दिसंबर, 2026 तक अपनी दलीलें पूरी करने का निर्देश दिया।

सुनवाई के दौरान शीर्ष न्यायालय को बताया गया कि पहले पांच प्रमुख याचिकाओं की पहचान की गई थी, जबकि 135 अन्य याचिकाओं को अंतरिम आवेदनों में परिवर्तित किया गया है।

बोलेरो की टक्कर से घायल युवक की मौत:श्रावस्ती में हादसे के बाद चालक फरार, पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा

श्रावस्ती जनपद में भिनगा-लक्ष्मनपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर अज्ञात बोलेरो वाहन की चपेट में आने से घायल हुए युवक की बहराइच मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक छा गया। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली भिनगा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर देवमन के मजरा दत्त नगर निवासी बड़कऊ वर्मा (35) पुत्र गजाधर प्रसाद बाराबंकी जिले के देवा बाजार से भैंस खरीदने गए थे और वहीं से घर लौट रहे थे। सोमवार दोपहर करीब दो बजे भिनगा-लक्ष्मनपुर मार्ग पर बौरिहवा गांव के पास पिकअप से उतरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही अज्ञात बोलेरो उनके ऊपर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बोलेरो समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर बहराइच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही बड़कऊ वर्मा का शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। युवक की मौत से तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव: कांग्रेस में बहुमत गंवाने के बावजूद तुरंत नहीं घटेगी ट्रंप की ताकत

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस (संसद) का नियंत्रण खो भी देती है, तो राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की नीतियां तय करने और उन्हें लागू करने की ताकत पर तुरंत असर पड़ने की संभावना कम है। इसकी बड़ी वजह कार्यकारी आदेशों पर उनकी बढ़ती निर्भरता और मौजूदा कांग्रेस के कार्यकाल के आखिरी सत्र में विधेयक पारित कराने की संभावनाएं हैं।

ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के बीच मध्यावधि चुनाव उनके लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के दोनों सदनों में बहुमत हासिल करने की संभावना ने उनके बाकी दो वर्षों के एजेंडे पर सवाल खड़े किए हैं।

एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज की इकाई एमके रिसर्च के अनुसार, डेमोक्रेट दोनों सदनों पर कब्जा कर लेते हैं तो रिपब्लिकन का ‘ट्राइफेक्टा’ यानी राष्ट्रपति पद और कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण खत्म हो जाएगा। इससे ट्रंप ‘लेम-डक’ राष्ट्रपति की स्थिति में पहुंच सकते हैं।

कार्यकारी आदेशों से बढ़ाई ताकत

ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में नीतियों को लागू करने के लिए कार्यकारी आदेशों, टैरिफ, आपातकालीन शक्तियों और नियामकीय बदलावों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है। अब तक वह 292 कार्यकारी आदेश जारी कर चुके हैं। यह संख्या 1981 के बाद किसी भी राष्ट्रपति के पूरे चार साल के कार्यकाल में जारी आदेशों से अधिक है। उनके पहले कार्यकाल में भी 220 कार्यकारी आदेश जारी हुए थे।

जनवरी तक विधायी बढ़त का मौका

रिपब्लिकन के पास नवंबर 2026 से जनवरी 2027 तक मौजूदा कांग्रेस के कार्यकाल का आखिरी सत्र होगा। इसे ‘लेम-डक’ सत्र कहा जाता है। इस दौरान नई कांग्रेस के कार्यभार संभालने से पहले मौजूदा सदस्य काम करते हैं।

एमके रिसर्च के मुताबिक, ऐसे सत्रों में कानून पारित होने का अनुपात 2003-05 के 16.9 प्रतिशत से बढ़कर 2023-25 में 61.3 प्रतिशत हो गया है। इसलिए ट्रंप प्रशासन के पास मौजूदा बहुमत का इस्तेमाल कर अपने एजेंडे से जुड़े विधेयक आगे बढ़ाने का अवसर रहेगा। साफ है कि कांग्रेस का नियंत्रण बदलने से ट्रंप की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं, लेकिन उनके हाथ से नीतियां लागू करने के सभी रास्ते तुरंत नहीं छिनेंगे।

सबसे ज्यादा कार्यकारी आदेश ट्रंप ने पारित किए

राष्ट्रपति कार्यकाल कार्यकारी आदेश

  • रीगन पहला- 213
  • रीगन दूसरा- 168
  • बुश सीनियर – 166
  • क्लिंटन पहला- 200
  • क्लिंटन दूसरा- 164
  • बुश जूनियर पहला- 173
  • बुश जूनियर दूसरा- 118
  • ओबामा पहला- 147
  • ओबामा दूसरा- 129
  • ट्रंप पहला- 220
  • बाइडेन – 162
  • ट्रंप दूसरा- 292

(स्रोत- अमेरिकन प्रेसिडेंसी, ऐमके रिसर्च)

80 बीघा में लहलहा रही ‘बुद्ध का महाप्रसाद’ काला नमक धान की फसल, ग्राम प्रधान सोनू मिश्रा ने खेती में रचा नया इतिहास!

किसानों के लिए बने प्रेरणास्रोत, पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने की अनूठी पहल से क्षेत्र में हो रही सराहना

रिपोर्ट: एमएनटी न्यूज़ भारत

रुधौली (बस्ती)। खेती–किसानी में कुछ नया करने का जज्बा हो तो सफलता की नई राह खुद-ब-खुद बन जाती है। इसकी एक शानदार मिसाल बस्ती जिले के विकासखंड रुधौली की ग्राम पंचायत हसनी में देखने को मिल रही है। यहां ग्राम प्रधान सोनू मिश्रा ने लगभग 80 बीघा भूमि में काला नमक धान की खेती कर क्षेत्र में एक नई पहचान कायम करने की पहल की है। खेतों में लहलहाती काला नमक धान की फसल न केवल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है, बल्कि आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

एमएनटी न्यूज़ भारत से खास बातचीत में ग्राम प्रधान सोनू मिश्रा ने बताया कि काला नमक धान कोई सामान्य धान नहीं है, बल्कि इसे भगवान बुद्ध का महाप्रसाद भी कहा जाता है। इसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व है। इसकी पहचान इसकी अनोखी प्राकृतिक सुगंध, बेहतरीन स्वाद और पौष्टिक गुणों के कारण देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक है।

उन्होंने बताया कि काला नमक चावल की सबसे बड़ी विशेषता इसकी मनमोहक खुशबू है। जब यह चावल पकता है तो इसकी सुगंध आसपास के वातावरण को महका देती है। इसके एक-एक दाने में हमारी मिट्टी की विरासत और इतिहास की कहानी छिपी हुई है। यही वजह है कि इसे विशेष सम्मान के साथ देखा जाता है।

पोषक तत्वों का खजाना है काला नमक चावल

ग्राम प्रधान सोनू मिश्रा के मुताबिक काला नमक चावल स्वाद के साथ–साथ पोषण के लिहाज से भी खास माना जाता है। इसमें आयरन, जिंक और प्रोटीन जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं। सामान्य चावल की कुछ किस्मों की तुलना में इसमें प्रोटीन की मात्रा लगभग दोगुनी बताई जाती है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी अपेक्षाकृत कम माना जाता है, जिसके चलते संतुलित मात्रा में इसका सेवन मधुमेह से पीड़ित लोगों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। हालांकि खानपान को लेकर मरीजों को चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

80 बीघा में खेती कर किसानों को दिया नया संदेश

सोनू मिश्रा ने 80 बीघा में काला नमक धान की खेती करके यह संदेश देने का प्रयास किया है कि किसान पारंपरिक और विशिष्ट फसलों को अपनाकर खेती में नई संभावनाएं तलाश सकते हैं। जरूरत है सही जानकारी, मेहनत और कृषि के प्रति सकारात्मक सोच की।

उनकी इस पहल से क्षेत्र में काला नमक धान की खेती को लेकर चर्चा तेज हो रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इससे प्रेरित होकर दूसरे किसान भी इस पारंपरिक धान की खेती की ओर कदम बढ़ाएंगे।

किसान हित में ग्राम प्रधान की सराहनीय पहल

ग्राम पंचायत हसनी में 80 बीघा में काला नमक धान की खेती कर सोनू मिश्रा ने जनप्रतिनिधि के रूप में एक अलग उदाहरण पेश किया है। उनकी यह पहल केवल व्यक्तिगत खेती तक सीमित नहीं, बल्कि स्थानीय कृषि विरासत को पहचान दिलाने और किसानों को नई दिशा देने का प्रयास भी है।

अब देखना होगा कि काला नमक धान की यह पहल आने वाले समय में रुधौली और आसपास के क्षेत्रों के किसानों के लिए कितनी बड़ी संभावनाओं का रास्ता खोलती है।

एमएनटी न्यूज़ भारत की खास पेशकश — मिट्टी से जुड़ी पहल, किसानों की मेहनत और गांव की बदलती तस्वीर को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास।

भेड़िया में हनुमान प्रतिमा स्थापित:भंडारे और जागरण में शामिल हुए ग्रामीण

महराजगंज के निचलौल क्षेत्र के ग्राम भेड़िया के टोला बकरुआ में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को हनुमान जी की मूर्ति स्थापना का कार्यक्रम हुआ। ग्रामवासियों के सहयोग से हुए आयोजन में भंडारा और जागरण भी रखा गया। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयकारे लगे। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जागरण में भक्ति गीत और भजन गाए गए। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार जताया।

बस्ती में नरियाव चौराहे पर दो मोटरसाइकिलें टकराईं:हादसे में एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी

बस्ती के साउघाट में ग्राम पंचायत नरियाव के चौराहे पर NH-28 हाईवे पर दो मोटरसाइकिलें टकरा गईं। हादसा नरियाव बाजार में हुआ। एक्सीडेंट होने के बाद भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्हें तत्काल एंबुलेंस को बुलाकर जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन हालत बहुत नाजुक दिख रहे हैं उन्हें लखनऊ भी रेफर हो सकता है क्योंकि सर में बहुत ही गंभीर चोट है लगी है स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस बुलाकर भेजा गया पुलिस ने तत्काल जाकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी हादसे में एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी। उसकी हालत नाजुक बताई गई है।