Home Blog Page 262

दवाओं और मेडिकल उपकरणों के आयात का रास्ता होगा आसान, 6 राज्यों में नए एंट्री पॉइंट बनाने का प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय ने दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और सौंदर्य प्रसाधनों के आयात के लिए अधिकृत प्रवेश केंद्रों का नेटवर्क बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है जिसके तहत कई अंतरदेशीय कंटेनर डिपो, एक विशेष आर्थिक क्षेत्र और एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शामिल करने की योजना है।

मंत्रालय का कहना है कि इससे आयातित वस्तुओं की निकासी प्रक्रिया तेज होगी और सप्लाई चेन की दक्षता बेहतर होगी। मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, औषधि नियमावली, 1945 के नियम 43ए में प्रस्तावित संशोधन के तहत हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना और कर्नाटक में अतिरिक्त प्रवेश केंद्र शामिल किए जाएंगे।

प्रस्तावित केंद्रों में हरियाणा के सोनीपत, पियाला और हरसरू, उत्तर प्रदेश के दादरी, गुजरात के गांधीधाम/मुंद्रा, हैदराबाद के सनथ नगर और थिम्मापुर तथा बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड स्थित अंतरदेशीय कंटेनर डिपो (आइसीडी) शामिल हैं।

मंत्रालय ने हवाई मार्ग से दवाओं के आयात के लिए कर्नाटक के बोम्मासांद्रा विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) और उत्तर प्रदेश के नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी अधिकृत प्रवेश केंद्रों की सूची में शामिल करने का प्रस्ताव दिया है।

औषधि नियमावली का नियम 43ए उन बंदरगाहों, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सड़क मार्गों और अन्य केंद्रों को निर्धारित करता है, जहां से दवाओं का भारत में आयात करने की अनुमति है।

मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि इस विस्तार से आयातकों को दवाओं और अन्य सामान की खेप को उनके कारखानों, गोदामों और वितरण केंद्रों के नजदीक ही मंजूरी दिलाने की सुविधा मिलेगी। इससे सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने की दूरी और खर्च कम होगा।

इसका उद्देश्य आयातित दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और सौंदर्य प्रसाधनों की आवाजाही में देरी कम करना और देश के अलग-अलग हिस्सों में उनकी उपलब्धता बढ़ाना भी है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

 

Diwali 2026 Preparations in Jamunha

दिवाली नजदीक आते ही श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक के बाजारों में दुकानें सजने लगी हैं। लोग भी घरों को सजाने की तैयारी कर रहे हैं।

.

बाजारों में रंग-बिरंगी लाइटें, झालरें, सजावटी सामान और पटाखे बिकने के लिए रखे जा रहे हैं। मिठाई की दुकानों पर भी तरह-तरह की मिठाइयां सजाई जा रही हैं।

दुकानदारों को उम्मीद है कि दिवाली नजदीक आने के साथ ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी और कारोबार में तेजी आएगी। बच्चे और युवा भी त्योहार की तैयारी में जुटे हैं।

लोग घरों की सजावट के लिए लाइटें, झालरें और दूसरे सामान खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। शाम को बाजारों में रोशनी और सजावट दिखने लगी है।

फोन पर बिना इंटरनेट के चलेगा स्वदेशी AI, भारत ने लॉन्च किए तीन मॉडल; जानिए खूबियां

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल विकसित करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मंगलवार को तीन स्वदेशी एआई मॉडल लॉन्च कर दिए। इनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि इन्हें मोबाइल पर इस्तेमाल करने के लिए इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी।

इंडिया एआई मिशन के तहत घरेलू कंपनियों द्वारा विकसित इन एआई मॉडलों में ईकेए-1, धीर 2बी और धीर 5बी शामिल हैं। ये मॉडल गणित के सवाल हल करने, कोडिंग, वैज्ञानिक शोध और साइबर सुरक्षा जैसे कामों में मदद करेंगे। इन मॉडलों को इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने लॉन्च किया। इंडिया एआई मिशन का उद्देश्य स्वदेशी एआई क्षमताओं और लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स बनाना है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने इन मॉडलों को विकसित करने वाली टीमों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल एआई के क्षेत्र में भारत की रणनीतिक स्वायत्तता को मजबूत करेगी और देश की जरूरतों के अनुरूप एआई मॉडलों की उपलब्धता बढ़ाएगी। इन मॉडलों को एआईकोश प्लेटफॉर्म के माध्यम से शोधकर्ताओं, छात्रों, स्टार्टअप, कंपनियों और आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है।

100 से ज्यादा भाषाओं में काम करेगा ईकेए-1

ईकेए-1 26 अरब पैरामीटर वाला एआई मॉडल है। यह 100 से अधिक भारतीय और विदेशी भाषाओं के साथ प्रोग्रामिंग भाषाओं में कार्य कर सकता है। इसे बेंगलुरु स्थित साकेट एआई ने विकसित किया है। 26 अरब पैरामीटर वाला ईकेए-1 गणित के सवाल हल करने, कोडिंग और जटिल समस्याओं को समझने में सक्षम है। इसे 7.5 ट्रिलियन टोकन पर प्रशिक्षित किया गया है।

इसका इस्तेमाल बिना मोबाइल डाटा या वाईफाई कनेक्शन के भी किया जा सकता है। साकेट के सीईओ अभिषेक उप्परवाल ने कहा कि इस मॉडल को भारत के बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और साइबर सुरक्षा परिदृश्य के हिसाब से विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य इस क्षेत्र की खास जरूरतों को पूरा करना और देश के लगातार विकसित हो रहे डिजिटल इकोसिस्टम को समझना है।

मोबाइल पर बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी काम करेंगे धीर 2बी और धीर 5बी

धीर 2बी और धीर 5बी एआई मॉडलों को जेंटेआइक्यू ने विकसित किए हैं। ये दोनों मॉडल मोबाइल पर इंटरनेट के बिना भी काम कर सकते हैं। यानी अब एआई की सुविधा उन इलाकों तक भी पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ेंगी, जहां इंटरनेट की पहुंच सीमित है।

ये दस्तावेजों में दी गई जानकारी के आधार पर सवालों के जवाब देने, जरूरी जानकारी खोजने में मदद करेंगे। इन्हें गूगल क्लाउड के टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट (टीपीयू) की मदद से विकसित किया गया है। ये अंग्रेजी और 10 भारतीय भाषाओं में कार्य करने में सक्षम हैं।

जेंटेआइक्यू के सीईओ प्रो. शशिकुमार ने कहा कि ये मॉडल अलग-अलग कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म पर चल सकते हैं। इनके हल्के आर्किटेक्चर के कारण इन्हें क्लाउड कनेक्टिविटी पर निर्भर रहे बिना, मोबाइल फोन पर सीधे इस्तेमाल किया जा सकता है।

कृष्णन ने कहा कि इस तरह के स्वदेशी मॉडल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की तकनीकी और रणनीतिक स्वायत्तता को मजबूत करेंगे। इनसे सरकार, उद्योग, अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्रों में उत्पादकता और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के अवसर सृजित होंगे।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

कर्मचारी संघ ने मदद का भरोसा दिया:करपथ पार्क की बैठक में नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा

कर्मचारी संघ की बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा, हर संभव मदद का दिया भरोसा महराजगंज। आज करपथ पार्क में कर्मचारी संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ऋषभ दुबे ने कहा कि कर्मचारी संघ प्रत्येक कर्मचारी के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहेगा। किसी भी कर्मचारी को परेशानी होने या आर्थिक संकट का सामना करना पड़ने पर संघ के पदाधिकारी हर संभव सहायता करेंगे। जरूरत पड़ने पर पीड़ित कर्मचारी को आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य केवल कर्मचारियों की समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहना तथा आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत बनाना है। इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष अनिल, कोषाध्यक्ष आरिफ खान, शाखा लेखक मुकेश भारती, शाखा मंत्री विनोद गौतम, इंद्राशन, बुद्धसागर, अंशुमान सिंह, ओमप्रकाश, सूचना मंत्री रंजीत कुमार, विवेक त्रिपाठी, कोर्स निरीक्षक विवेकानंद त्रिपाठी, रामाधार, विजय गुप्ता, विशाल गुप्ता, मीडिया प्रभारी दुर्गेश खरवार, उमेश जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

पिकअप की टक्कर से दयाराम निषाद घायल:बस्ती के अकसड़ा चौराहे पर हादसा, 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया

बस्ती के बहादुरपुर ब्लॉक में अकसड़ा चौराहे पर पिकअप की टक्कर से दयाराम निषाद घायल हो गए। उन्हें 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
यह घटना कलवारी थाना क्षेत्र में हुई। टक्कर के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुटे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दयाराम निषाद को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। घटना के बाद पिकअप चालक को मौके पर पकड़ लिया गया।
हादसे के कारण, वाहन की गति और अन्य हालात की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दयाराम निषाद की मौजूदा स्थिति और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी भी नहीं मिली है।

न्याय व्यवस्था में एकरूपता की उम्मीद, सुप्रीम कोर्ट ने ई-कमेटी को ज्ञापन देने की दी अनुमति

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल व सुलभ बनाने और न्यायिक प्रणाली में एकरूपता लाने की दिशा में सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

मंगलवार को कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ता अश्विनी उपाध्याय को यह अनुमति दी कि वे देश के सभी उच्च न्यायालयों में मुकदमों के नामकरण, पंजीकरण प्रक्रियाओं और न्यायिक शब्दावली में एकरूपता की मांग को लेकर शीर्ष अदालत की ई-कमेटी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपें।

सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने इस याचिका को न्यायिक पक्ष पर सुनने से तो इनकार कर दिया, लेकिन यह स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता द्वारा उठाया गया मुद्दा अत्यंत प्रासंगिक और न्यायहित से जुड़ा हुआ है।

याचिकाकर्ता ने कोर्ट का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था कि अलग-अलग उच्च न्यायालयों, यहां तक कि एक ही उच्च न्यायालय की विभिन्न बेंचों में भी मुकदमों के वर्गीकरण और संक्षिप्त रूपों में भारी अंतर है।

उदाहरण के तौर पर, एक रिट याचिका को कहीं ‘डब्ल्यूपी’ तो कहीं ‘डब्ल्यूपीए’ लिखा जाता है। इसी प्रकार, आपराधिक अपील के लिए सीआरए, सीआर डॉट ए, सीआरएपीएल और सीआरएल डॉट ए जैसी अलग-अलग संक्षिप्त शब्दावलियों का उपयोग होता है, जिससे न्यायिक डॉटा को खोजना और ट्रैक करना बेहद पेचीदा हो जाता है।

न्यायमूर्ति बागची ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा पहले से ही ई-कमेटी के ‘यूनिफार्म ज्यूडिशियल कोड’ जैसी व्यापक मानकीकरण परियोजना का हिस्सा है। इससे नेशनल ज्यूडिशियल डॉटा ग्रिड पर डॉटा खोजना और अधिक सुगम हो जाएगा। पीठ ने कहा कि जिला और मजिस्ट्रेट अदालतों में केस इन्फार्मेशन सिस्टम के जरिये मानकीकरण का काम पहले ही किया जा चुका है और अब इसे उच्च न्यायालयों तक बढ़ाया जा रहा है।

हालांकि, जहां तक देशभर में एक समान कोर्ट फीस लागू करने की मांग का सवाल है, अदालत ने इसे राज्यों के विधायी दायरे का मामला बताया। याचिका में बताया गया था कि समान मुकदमे और राशि के मामलों में भी अलग-अलग राज्यों में कोर्ट फीस में जमीन-आसमान का फर्क है। उदाहरण के लिए दस हजार रुपये के मुकदमे की फीस पंजाब और हरियाणा में 250 रुपये है, तो बिहार-झारखंड में 1,480 रुपये और उत्तर प्रदेश में 1157.50 रुपये है।

इस पर सीजेआई ने टिप्पणी की कि कोर्ट फीस राज्यों के विधायी दायरे में आती है। दिल्ली जैसे महानगरों के नागरिकों की भुगतान क्षमता, बिहार या ओडिशा के ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब नागरिकों की तुलना में अधिक हो सकती है। ऐसे में हम गरीब तबके पर एक जैसी भारी फीस का बोझ नहीं डाल सकते। अदालत ने यह भी कहा कि वह विधायी शक्तियों के तहत राज्य विधानसभाओं के अधिकारों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकती।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

मारपीट और धमकी के आरोप में दो लोगों पर FIR:श्रावस्ती के मल्हीपुर में जगन्नाथ की शिकायत पर केस दर्ज

श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता जगन्नाथ की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
शिकायत के मुताबिक, घटना 1 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे हुई। जगन्नाथ ने आरोप लगाया कि गांव के ही दो लोगों ने उनसे विवाद किया, गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान उन्हें चोटें आईं। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
शिकायत में दोनों आरोपियों के नाम दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने FIR में BNS की धारा 115(2), 351(3) और 352 लगाई हैं। ये धाराएं चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी देने और जानबूझकर अपमानित कर शांति भंग करने से जुड़ी हैं।
FIR के अनुसार, घटना के अगले दिन 2 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर मल्हीपुर थाने में लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने जांच उपनिरीक्षक योगेंद्र बाबू को सौंपी है।

बेकार पड़ी सरकारी जमीनों से भरेगा खजाना, दिल्ली-मुंबई समेत कई शहरों में फ्लैट बेचेगी सरकार

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सरकारी उपक्रमों के विनिवेश के साथ इनकी जमीन की बिक्री को लेकर भी सरकार काफी सक्रिय दिख रही है। वित्त मंत्रालय के अधीन काम करने वाली एजेंसी राष्ट्रीय भूमि मौद्रीकरण निगम (एनएलएमसी) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में विभिन्न सरकारी उपक्रमों की जमीन को बेचकर अब तक 9000 करोड़ रुपए जुटा चुका है।

उम्मीद की जा रही है कि अगले तीन-चार महीनों में और पांच-छह करोड़ रुपए की जमीन की सफल बिक्री हो जाएगी। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई व प्रयागराज जैसी जगहों पर सरकारी उपक्रमों के फ्लैटों का भी मुद्रीकरण किया जाएगा। छह माह पहले तक सरकारी जमीन के मुद्रीकरण को लेकर कोई नीलामी नहीं हो रही थी।

एनएलएमसी के सीईओ रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि सरकारी उपक्रमों की बेकार पड़ी या अतिरिक्त जमीन का मौद्रीकरण किया जा रहा है। इनकी बिक्री की प्रक्रिया पूरी करने व संबंधित काम को एनएलएमसी पूरा करता है। बदले में निगम शुल्क लेता है।

पिछले छह महीनों में मुख्य रूप से एमटीएनएल और बीएसएनएन की जमीन का मुद्रीकरण किया गया है और इससे 9000 करोड़ रुपए मिले हैं। उन्होंने बताया कि जमीन मुद्रीकरण के तहत दिल्ली के नजफगढ़ स्थित एचआईएल (इंडिया) लिमिटेड की 5.11 एकड़ जमीन की नीलामी होने जा रही है।

इस नीलामी के लिए 829.69 करोड़ रुपए का रिजर्व प्राइस रखा गया है और उम्मीद है कि नीलामी में रिजर्व प्राइस से अधिक राजस्व मिलेगा। इसे लेकर तीन नवंबर को निवेशकों के साथ बैठक की गई और 19 नवंबर तक वे इस बोली में हिस्सा लेने के लिए आवेदन कर सकेंगे। जमीन लेने वाले निवेशक इस पर उद्योग से लेकर फ्लैट, माल कुछ भी बना सकेंगे।

ठाकुर ने बताया कि गत 12 अक्टूबर को विशाखापट्टनम में राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड की जमीन का 366 करोड़ में मुद्रीकरण किया गया। इसके लिए रिजर्व प्राइस 312 करोड़ रुपए रखा गया था।

इसके अलावा राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के 100 प्लाट के मुद्रीकरण की प्रक्रिया तीन नवंबर को पूरी हो रही है। इसलिए उनके मूल्य की सटीक जानकारी नहीं दी जा सकती है।

ठाकुर ने बताया कि कई सरकारी उपक्रम अपनी जमीन के मुद्रीकरण के लिए एनएलएमसी से संपर्क कर रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से स्टील और संचार विभाग के उपक्रम शामिल हैं। जमीन का मुद्रीकरण ई-नीलामी के जरिए किया जाता है।

हाल ही में आईडीबीआई बैंक में सरकार की 60.72 प्रतिशत की हिस्सेदारी 53,000 करोड़ में बेची गई है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में सरकार ने 80,000 करोड़ रुपए के विनिवेश का लक्ष्य रखा था जो पहले ही पूरा हो चुका है। जमीन के मुद्रीकरण से सरकार को राजस्व हासिल होने के साथ निजी सेक्टर को जमीन भी आसानी से मिल पाएगी।

कोल्हुई पुलिस ने बहदुरी बाजार में पैदल गश्त की:थाना अध्यक्ष ने लोगों और व्यापारियों से बात कर संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने को कहा

कोल्हुई, महराजगंज में थाना अध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने पुलिस टीम के साथ बहदुरी बाजार में पैदल गश्त की। पुलिस ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान टीम ने बाजार के प्रमुख रास्तों, दुकानों और सार्वजनिक जगहों का दौरा किया। थाना अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से बात की। उन्होंने कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से किसी समस्या, असामाजिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। थाना अध्यक्ष ने कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि वह लोगों की सुरक्षा और अपराध पर नियंत्रण के लिए इलाके में निगरानी कर रही है।

मुंडेरवा सीएचसी में निरीक्षण के समय चिकित्सक नहीं मिले:अपर स्वास्थ्य निदेशक ने जताई नाराजगी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुंडेरवा में मंगलवार शाम निरीक्षण के दौरान कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। इस पर अपर स्वास्थ्य निदेशक, बस्ती मंडल डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने नाराजगी जताई। शाम करीब सवा छह बजे डॉ. पांडेय के साथ मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अनिल कुमार चौधरी और मंडलीय प्रशासनिक कार्यक्रम सहायक मुहम्मद जीसान अख्तर ने केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लेबर रूम, दवा वितरण कक्ष और ओपीडी का जायजा लिया। चिकित्सकों की गैरमौजूदगी पर डॉ. पांडेय ने फार्मासिस्ट मिर्जा एहसान बेग से जानकारी ली। नाइट इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक के बारे में पूछने पर फार्मासिस्ट ने बताया कि डॉ. अंकुर शुक्ल की ड्यूटी है, लेकिन वे तीन दिन के आकस्मिक अवकाश पर हैं। फार्मासिस्ट के मुताबिक, अवकाश पर होने के बावजूद डॉ. शुक्ल कभी-कभी ड्यूटी पर आते हैं। सीएचसी प्रभारी के केंद्र पर नहीं बैठने के सवाल पर अपर स्वास्थ्य निदेशक ने कहा कि वे मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मिलकर इसका समाधान निकालेंगे। पुराने तीन चिकित्सकों को हटाकर नए चिकित्सकों से ओपीडी चलाने के मुद्दे पर भी उन्होंने सीएमओ से बात करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान पहुंचे स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को सीएचसी की समस्याएं बताईं। उन्होंने केंद्र पर स्थायी प्रभारी चिकित्सक तैनात करने, पुराने दो महिला चिकित्सकों और एक पुरुष चिकित्सक की जगह नए चिकित्सकों से ओपीडी चलाने और यहां से हटाए गए डॉ. युसुफ को फिर से तैनात करने की मांग की। निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट मिर्जा एहसान बेग, स्टाफ नर्स सीमा, वार्ड ब्वाय देवानंद गुप्त और स्वीपर दीपक विश्वकर्मा मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने कहा कि चिकित्सकों की गैरमौजूदगी से उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं लेने में परेशानी हो रही है।