Home Blog Page 265

युवाओं से मतदाता सूची जांचने और मतदान की अपील:बस्ती में संवाद कार्यक्रम के दौरान भावेश पाण्डेय ने मताधिकार और नशामुक्ति पर बात की

बस्ती के विवेकानन्द कॉलेज ऑफ फार्मेसी में मेरा युवा भारत की ओर से युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदान के अधिकार के बारे में बताया गया। नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ के अध्यक्ष और मुख्य वक्ता भावेश पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र जागरूक नागरिकों की भागीदारी से मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि मतदान अधिकार के साथ देश के भविष्य के निर्माण में भागीदारी का माध्यम भी है। पाण्डेय ने युवाओं से मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। नशामुक्त समाज बनाने में भी उन्हें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कॉलेज के प्राचार्य संदीप भारती ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों के बारे में भी जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर पात्र नागरिक को जिम्मेदारी से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसे संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में छात्रा दीप्ति गौड़ और वंशिका किशोर ने मताधिकार के महत्व और नशामुक्ति पर विचार रखे। यश कुमार, दीपांशु सिंह, आकाश, सूरज, अनिकेत और प्रांशु सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी संवाद में हिस्सा लिया और सवाल पूछे। कार्यक्रम का संचालन अवनीत श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान प्रोफेसर कार्तिक चौधरी, अनिकेत श्रीवास्तव, प्रवक्ता दीपक चंद्र, गरिमा सिंह, संतोष दुबे, तरुण पाण्डेय, समीना मलिक, ब्यूटी रंजन और मेरा युवा भारत के प्रतिनिधि ओम प्रकाश मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार जताया।

ओमान में जहाज पर हमले में भारतीय की मौत, MEA बोला- नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले बंद हों

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले मालवाहक जहाज पर हुए हमले की विदेश मंत्रालय (MEA) ने निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में नागरिक बुनियादी ढांचे और जहाजों को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए।

मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास मृतक के पार्थिव शरीर और अन्य बचाए गए 13 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए ओमान प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने की निंदा

ओमान के तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले को लेकर विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा, ‘हम सोमवार शाम ओमान के लिमाह के पास एक कमर्शियल जहाज ‘MSV अल जुसुफी’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं।

जहाज पर सवार 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की चोट लगने के कारण दुखद मौत हो गई है। हम इस बहुमूल्य जान के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और बचाए गए भारतीय नागरिकों तथा मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

कमर्शियल जहाजों पर हमला चिंताजनक

विदेश मंत्रालय ने आगे दोहराया कि इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। हम तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस आ सके।

इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप, इस क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार को बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।

सर्बानंद सोनोवाल ने जताया दुख

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर नाविक की मौत पर गहरा दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास वहां के स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

टेंपो से शराब ले जा रहे पति-पत्नी गिरफ्तार:श्रावस्ती में पुलिस ने देशी शराब और 120 बोतल बीयर पकड़ी, शराब बेचते थे

श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने टेंपो से शराब ले जा रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को शाम 6:00 बजे पुलिस विभाग ने बताया कि टेंपो से 185 पीस देशी शराब और बीयर की 120 बोतलें पकड़ीं गयी है। दरअसल पुलिस के मुताबिक, बॉर्डर क्षेत्र में चौकी प्रभारी राजपुर उपनिरीक्षक रमन कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने राजपुर मोड़ तिराहे से तालबघौड़ा जाने वाले रास्ते पर सफेद टेंपो नंबर UP46T 8968 को रोककर तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक टेंपो में पांच पेटी बीयर की 120 बोतलें मिलीं। इसके अलावा देशी तेजस बुलंद शराब के 20 पीस (100 एमएल) और झूम ब्रांड की देशी शराब के 45 पीस (200 एमएल) मिले। पुलिस ने शराब के साथ टेंपो भी अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मोतीपुर कला निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र भागीराम और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों शराब बेचने का काम करते थे।वहीं इस मामले में थाना सिरसिया में मुकदमा नंबर 287/2026 दर्ज किया गया है। वहीं आरोपियों पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत केस दर्ज कर पुलिस अग्रिम पूछताछ और कार्रवाई में जुटी है।

चौक पुलिस ने वारंटी अभियुक्त को घर से गिरफ्तार किया:निचलौल में जारी वारंट पर कार्रवाई, न्यायालय में पेश करने की तैयारी

महराजगंज जिले में न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना चौक पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले वारंटियों में हड़कंप मचा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बंधु पुत्र घिसियावन (45 वर्ष), निवासी ग्राम पिपरा सोनाड़ी, थाना चौक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा संख्या 291/15 में भारतीय दंड विधान (भादवि) की धारा 323, 504, 506 और 406 के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में न्यायालय की ओर से वारंट जारी किया गया था। न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में थाना चौक पुलिस ने अभियुक्त की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसके गांव स्थित घर पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। न्यायालय से जारी वारंटों का समयबद्ध पुलिस अधिकारियों के अनुसार न्यायालय से जारी वारंटों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत थाना स्तर पर ऐसे अभियुक्तों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में थाना चौक के उपनिरीक्षक सुजीत सिंह और हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

अल्ट्रासाउंड मशीन चोरी का आरोपी गिरफ्तार:बस्ती में पुलिस ने लैपटॉप, कटर मशीन, रेडमी मोबाइल और 600 रुपए बरामद किए

कप्तानगंज पुलिस ने अल्ट्रासाउंड मशीन चोरी करने वाले गिरोह के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लैपटॉप, कटर मशीन, रेडमी मोबाइल और 600 रुपए बरामद किए। आरोपी के खिलाफ लखनऊ में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, कप्तानगंज कस्बे में सत्या पैथोलॉजी का ताला तोड़कर अल्ट्रासाउंड मशीन और अन्य उपकरण चोरी किए गए थे। इस मामले में 23 सितंबर 2026 को कप्तानगंज थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा अपराध संख्या 257/2026 है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी की घटनाएं रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस ने मंगलवार, 3 नवंबर को रात करीब 1:45 बजे आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी छावनी कस्बे से आगे नई बाजार मोड़ के पास बोरिया मोहानी दुर्गा मंदिर के नजदीक हुई।
आरोपी की पहचान राजेश निषाद पुत्र स्वर्गीय भगौती निषाद के रूप में हुई है। वह बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र के पूरे सिंघा उर्फ पूरे गंगाराम का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, राजेश के खिलाफ छावनी थाने में मारपीट और धमकी का एक मुकदमा दर्ज है। कप्तानगंज थाने में चोरी का मुकदमा और लखनऊ के चौक थाने में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अनिल त्रिपाठी और रविन्द्र यादव समेत पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

एसआईआर के बाद पांच चुनावी राज्यों में 13.24 प्रतिशत घटे मतदाता, किस राज्य में कितने वोटर हुए कम?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाताओं की संख्या में 13.24 प्रतिशत तक की कमी आई है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों में यह सामने आया है। इन राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

हाल में निर्वाचन आयोग और राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की ओर से सार्वजनिक किए गए आंकड़ों के अनुसार, इन पांच राज्यों में मतदाताओं की संख्या एसआईआर से पहले लगभग 18.71 करोड़ थी, जो घटकर 16.43 करोड़ रह गई। इस तरह कुल मिलाकर करीब 2.29 करोड़ मतदाताओं की कमी आई, जो लगभग 12.2 प्रतिशत है। एसआईआर उत्तराखंड व गोवा में दूसरे और पंजाब, उत्तराखंड व मणिपुर में तीसरे चरण में हुआ था।

राज्यों में सबसे अधिक मतदाताओं वाले उत्तर प्रदेश में ही कुल गिरावट का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा दर्ज किया गया। यहां मतदाताओं की संख्या एसआईआर से पहले 15.44 करोड़ थी, जो अंतिम मतदाता सूची में घटकर 13.40 करोड़ हो गई। इस प्रकार, यहां मतदाताओं की शुद्ध संख्या में करीब 2.04 करोड़ यानी 13.24 प्रतिशत की कमी आई, जो इन पांच राज्यों में सबसे अधिक है।

मसौदा सूची से करीब 2.89 करोड़ नाम हटाए गए, जिनमें से लगभग 0.84 करोड़ (करीब 29 प्रतिशत) नाम दोबारा शामिल किए गए।

पंजाब में मतदाताओं की संख्या 2.15 करोड़ से घटकर मसौदा सूची में 1.94 करोड़ रह गई और अंतिम सूची में बढ़कर 2.01 करोड़ हो गई। पंजाब में हटाए गए नामों की सबसे अधिक वापसी दर्ज की गई, जहां मसौदा सूची से हटाए गए करीब 0.21 करोड़ नामों में से लगभग 0.07 करोड़ (करीब 34 प्रतिशत) नाम दोबारा शामिल किए गए।

उत्तराखंड में मतदाताओं की संख्या 0.80 करोड़ से घटकर 0.71 करोड़ रह गई और अंततः 0.72 करोड़ हो गई। यहां कुल कमी लगभग 0.08 करोड़ आई। मसौदा मतदाता सूची से हटाए गए नामों में से केवल लगभग 25 हजार नाम ही दोबारा जोड़े गए, जो कुल हटाए गए नामों का करीब तीन प्रतिशत है। मणिपुर में भी मतदाताओं की संख्या 20.90 लाख से घटकर अंतत: 19.60 लाख हो गई। गोवा में एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या 11.85 लाख से घटकर 10.58 लाख रह गई।

उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 22 मई को समाप्त हो रहा है, जबकि 60 सदस्यीय मणिपुर, 40 सदस्यीय गोवा, 117 सदस्यीय पंजाब और 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में अलग-अलग तारीखों को समाप्त होगा। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रविधानों के तहत निर्वाचन आयोग को विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से छह महीने पहले भी चुनाव कराने की अनुमति है।

किस राज्य में क्या रही स्थिति

राज्य मतदाता संख्या पहले एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची मतदाता घटे (प्रतिशत)

  1. उत्तर प्रदेश 15.44 करोड़ 12.56 करोड़ 13.40 करोड़ 13.24
  2. पंजाब 2.15 करोड़ 1.94 करोड़ 2.01 करोड़ 6.34
  3. उत्तराखंड 80 लाख 71 लाख 72 लाख 10.07
  4. मणिपुर 20.90 लाख 19.3 लाख 19.60 लाख 6.33
  5. गोवा 11.85 लाख 10.85 लाख 10.58 लाख 10.76

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

श्रावस्ती में सैनिक कल्याण अधिकारी ने कार्यभार संभाला:भूतपूर्व सैनिक 20 नवंबर तक शिकायतें और सुझाव भेजें

श्रावस्ती में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी की पूर्णकालिक नियुक्ति हुई है। कैप्टन (नौसेना) डॉ. सुनील कुमार (अ.प्रा.) ने 24 सितंबर से कार्यभार संभाल लिया है।
उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याएं नियमानुसार और तय समयसीमा में सुलझाई जाएंगी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली सैनिक बंधु बैठक के लिए भूतपूर्व सैनिक अपनी समस्याएं और सुझाव 20 नवंबर तक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में भेज सकते हैं।
किसी भी समस्या के लिए मोबाइल नंबर 7839553274 पर संपर्क किया जा सकता है। अधिकारी ने कहा कि भूतपूर्व सैनिक अपनी समस्याओं के लिए उनसे 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं।

वीबी-जीरामजी योजना में भ्रष्टाचार पर नकेल, 15 दिनों के भीतर करना होगा शिकायतों का निपटारा; केंद्र सरकार ने जारी किए नियम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वीबी-जीरामजी अधिनियम, 2025 के तहत शिकायतों का निपटारा करने के लिए नियम अधिसूचित किए हैं। इनके तहत ग्रामीण रोजगार योजना से जुड़ी शिकायतों का समाधान 15 दिनों के भीतर किया जाना अनिवार्य होगा। अगर निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान नहीं हो पाता है, तो उन्हें उच्च स्तर पर भेजने की व्यवस्था भी की गई है। योजना में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से अधिसूचित नियमों के तहत राज्य सरकारों को शिकायतों का समाधान करने के लिए ग्राम पंचायत, ब्लाक और जिला स्तर पर तीन-स्तरीय व्यवस्था करनी होगी।

मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि शिकायत निवारण के लिए हर स्तर पर नामित अधिकारी होंगे, जो शिकायतें प्राप्त करेंगे, जांच करेंगे और निपटारा करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि इन प्रविधानों का उद्देश्य शिकायत निवारण को सुलभ बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि योजना से जुड़ी चिंताओं पर समय रहते ध्यान दिया जाए।

इन तरीकों से दर्ज करा सकते हैं शिकायतें

मंत्रालय के अनुसार, शिकायतें व्यक्तिगत रूप से, स्पीड पोस्ट के जरिये, निर्धारित डिजिटल मंच पर, टेलीफोन हेल्पलाइन के माध्यम से या राज्य सरकारों द्वारा तय किसी अन्य तरीके से दर्ज कराई जा सकती हैं। शिकायत के प्रारूप, भाषा, जमा करने के तरीके या किसी प्रक्रियागत कमी के आधार पर उसे दर्ज करने से मना नहीं किया जा सकता है।

सात दिनों में करनी होगी शिकायत की जांच

ग्राम पंचायत, ब्लाक या जिला स्तर पर प्राप्त सभी शिकायतों को उसी दिन निर्धारित डिजिटल मंच पर दर्ज करना होगा। ऐसा संभव न होने पर उन्हें अगले कार्यदिवस तक दर्ज करना होगा। शिकायतकर्ता को रजिस्ट्रेशन संख्या, शिकायत प्राप्त होने की तारीख और उसे प्राप्त करने वाले अधिकारी के पदनाम के साथ रसीद दी जाएगी। शिकायत की जांच सात कार्यदिवस के भीतर पूरी करनी होगी। शिकायत का निपटारा 15 दिन में करना अनिवार्य होगा।

मामलों के निपटारे तक जारी रहेगी निगरानी

नामित अधिकारी संबंधित अधिकारियों से जरूरी रिकार्ड, दस्तावेज, रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक डाटा मांग सकता है। जरूरत पड़ने पर वह शिकायतकर्ता को व्यक्तिगत रूप से या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अपना पक्ष रखने का अवसर भी दे सकता है। 15 दिन के भीतर निपटारा नहीं होने वाली शिकायतों को उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। इन मामलों के निपटारे तक उनकी इलेक्ट्रानिक माध्यम से निगरानी जारी रहेगी।

आशा कर्मियों ने एफआईआर वापस लेने की मांग की:महराजगंज में पैदल मार्च कर लंबित भुगतान और सहमतियां लागू करने का ज्ञापन सौंपा

एफआईआर वापस लेने और लंबित भुगतान की मांग को लेकर आशा कर्मियों ने जिला मुख्यालय पर पैदल मार्च किया। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन (ऐक्टू) ने प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के जरिए उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मजदूर नेताओं पर दर्ज एफआईआर वापस लेने, आशा कर्मियों का कथित उत्पीड़न बंद करने और स्वास्थ्य मंत्री की मध्यस्थता में बनी सहमतियां लागू करने की मांग की। यूनियन ने कहा कि आशा कर्मियों और मजदूर नेताओं के खिलाफ कार्रवाई से कर्मचारियों में नाराजगी है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और इको गार्डन के अंदर-बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की सार्वजनिक जांच कराने की मांग की। संगठन के मुताबिक, 7 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य मंत्री की मध्यस्थता में आशा कर्मियों की 13 मांगों पर सहमति बनी थी। इसके बाद हड़ताल खत्म की गई, लेकिन सहमतियां अब तक पूरी तरह लागू नहीं हुईं। इन्हें लागू कराने के लिए 23 अक्टूबर को लखनऊ के इको गार्डन में कार्यक्रम हुआ था। आशा कर्मियों ने बकाया प्रोत्साहन राशि, लंबित पीएलआई और अन्य मदों का भुगतान दीपावली से पहले करने की मांग की। उन्होंने राज्य वित्त से मिलने वाले अंशदान में 4,500 रुपये और प्रोत्साहन राशि में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग भी रखी। यूनियन ने मातृत्व अवकाश, साप्ताहिक अवकाश और त्योहारों पर छुट्टी देने की मांग की। प्रदेश के सभी ब्लॉकों में आशा संगिनी और एएनएम के काम के लिए अलग कक्ष या पंचायत भवनों में वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग भी की गई। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष संगीता, कुसमाती, पूनम सिंह, मीरा देवी, मनोरमा देवी, कुमारी उषा देवी, शकुंतला, लक्ष्मी मद्धेशिया और माधुरी देवी सहित आशा कर्मी मौजूद रहीं।

सोनहा-पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा की जानकारी दी:भानपुर और सोनहा में चौपाल लगाकर हेल्पलाइन नंबर बताए

बस्ती जिले की सोनहा पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को भानपुर और कस्बा सोनहा में चौपाल लगाई। मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी रुधौली अनिल कुमार सिंह की निगरानी और थानाध्यक्ष महेश सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। इसमें मिशन शक्ति टीम की एसआई शेखर प्रसाद साहनी, महिला कांस्टेबल अर्चना यादव और महिला कांस्टेबल सोनम यादव शामिल रहीं। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को कानून की जानकारी दी और उनसे संबंधित अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्हें महिला पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और पुलिस आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, साइबर हेल्पलाइन 1930 और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई। थाने का सीयूजी नंबर 9454403123 और मिशन शक्ति केंद्र का सीयूजी नंबर 9454408358 भी साझा किया गया। पुलिस के मुताबिक, एंटी रोमियो स्क्वाड ने थाना क्षेत्र में चेकिंग की। इस दौरान 15 लोगों को चेक कर हिदायत दी गई।