Home Blog Page 264

’24 घंटे बीत चुके हैं, मोदी जी’, राहुल गांधी ने विदेशी संबंधों पर पीएम मोदी को खुली बहस की फिर दी चुनौती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राहुल गांधी ने सोशल साइट X पर एक वीडियो शेयर कर देशवासियों को दीवाली की शुभकामनाएं दी। इसी के साथ राहुल गांधी ने पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती दोहराते हुए कहा कि उन्हें दिए हुए 24 घंटे बीत चुके हैं।

राहुल गांधी ने पीएम को दी खुली चुनौती

राहुल गांधी ने सोशल साइट X पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ’24 घंटे बीत चुके हैं मोदी जी। मैंने आपको चुनौती दी थी। आप कहते हैं कि विपक्ष देशद्रोही है। कोई भी मंच चुनें, कोई भी जगह तय करें और मुझसे बहस करें।’

देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत।

कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी उस चुनौती के 24 घंटे बाद आई है जिसमें उन्होंने पीएम को विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बनने आरोपों पर खुली बहस के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि पीएम ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे।

मीडिया और युवा के सामने बात का प्रस्ताव

बहस के निष्पक्ष संचालन को लेकर राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक का नाम आगे कर दिया। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों वहां होंगे, मीडिया मौजूद रहेगा, देश के युवा होंगे और एक मेज होगी।

आप एक तरफ बैठिए और मैं दूसरी तरफ। आप जिसे चाहें जज बना लें, चाहें तो मोहन भागवत जी को उस कुर्सी पर बिठा दें। फिर हम दूध का दूध और पानी का पानी करेंगे।’

बहस के मुद्दों का किया जिक्र

राहुल गांधी ने उन मुद्दों का जिक्र किया जिन पर वह चर्चा करने चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बहस के दौरान वित्तीय ढांचे, अमेरिकी समझौते, उद्योगपति गौतम अडानी से जुड़े मामलों और जेफरी एपस्टीन के मामले पर खुली चर्चा होगी।

नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा, ‘वित्तीय प्रणाली और ढांचे को लेकर सवाल उठेंगे। अमेरिकी समझौता कैसे हुआ, क्यों हुआ और इतनी जल्दी में क्यों लिया गया? आपने अकेले यह फैसला क्यों किया और कैबिनेट को अंधेरे में क्यों रखा? अडानी मामला क्यों बंद हुआ? इन सभी संवेदनशील मुद्दों पर देश के सामने बात होनी चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘आइए, डरिए मत। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाने दीजिए।’

राहुल गांधी ने खुद पर दर्ज मानहानि के मामलों का किया जिक्र

राहुल ने अन्य मुद्दों पर अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मामलों का भी जिक्र किया और प्रधानमंत्री को चुनौती दी कि वे उनके ‘विदेशी संबंधों’ वाले आरोपों पर भी कानूनी कार्रवाई करें।

राहुल गांधी ने कहा, ‘अन्य मुद्दों पर तो आपने मुझ पर 45 मानहानि के मुकदमों ठोक दिए हैं। लेकिन जब मैं विदेशी संबंधों और मदद की बात कर रहा हूं, तो आप मानहानि का केस क्यों नहीं करते? आगे आइए, मुकदमा कीजिए हम अदालत में भी इस पर खुलकर चर्चा करेंगे।’

वीडियो के अंत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘आइए, इसे जल्द से जल्द करते हैं। डरो मत! हैप्पी दीवाली, मोदी जी।’

यह भी पढ़ें- ‘इस्लामिक कट्टरपंथियों का धर्मनिरपेक्षता की बात करना’, विदेशी मदद वाले बयान पर किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर निशाना

ई-लॉटरी से 35 में से 23 किसानों का चयन:श्रावस्ती में डीएम की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया

श्रावस्ती में मंगलवार को कृषि यंत्रों के लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी से किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया में 35 किसानों में से 23 का चयन हुआ। कृषि विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन और प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कृषि यंत्रों की बुकिंग कराई गई थी। कुल 23 कृषि यंत्रों के लिए 35 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद ई-लॉटरी के जरिए 23 किसानों को चुना गया। चयनित किसानों को सुपर सीडर, कल्टीवेटर, पावर टिलर, चैफ कटर, लेजर लैंड लेवलर, स्ट्रॉ रीपर, मिनी राइस मिल और किसान ड्रोन का लाभ मिलेगा। इन यंत्रों से खेती का काम आसान करने, समय और लागत बचाने और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

खेत में अजगर और घर में दो कोबरा मिले:जमुई कला गांव में वन्यजीव रक्षक टीम ने तीनों सांप पकड़े, मधवलिया रेंज के जंगल में छोड़ा

महराजगंज जिले के निचलौल ब्लॉक के जमुई कला गांव में मंगलवार सुबह खेत में अजगर और एक घर में दो कोबरा मिले। वन्यजीव रक्षक टीम ने तीनों सांपों को पकड़कर मधवलिया रेंज के जंगल में छोड़ दिया। गांव गडौरा चीनी मिल के पश्चिम में है। सोनू मल्ल के खेत में अजगर दिखने पर राहगीर और ग्रामीण वहां जुट गए। इसी दौरान गांव के रजनीश निगम के घर में दो कोबरा मिले। ग्रामीणों ने वन्यजीव रक्षक रेस्क्यू टीम को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और एक अजगर व दो कोबरा को सुरक्षित पकड़ा। टीम के रामबचन साहनी ने बताया कि तीनों सांपों को मधवलिया रेंज के जंगल में छोड़ा गया। इस दौरान संदीप मौर्य, अरुण पटवा, सत्यम पटवा और नंदन साहनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

परसा के बच्चों ने संस्कार-भारती के साथ वंदे मातरम गाया:गीत के 150 साल पूरे होने पर प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम हुआ

प्राथमिक विद्यालय परसा में बच्चों ने संस्कार भारती के साथ वंदे मातरम गाया। यह कार्यक्रम वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने पर संस्कार भारती की बस्ती इकाई ने आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप जलाकर और फूल चढ़ाकर हुई। संस्कार भारती गोरक्ष प्रांत की उपाध्यक्ष डॉ. कैप्टन पुष्पलता मिश्रा, बस्ती इकाई की अध्यक्ष पूर्णिमा तिवारी और स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्र ने दीप जलाया और पुष्प अर्पित किए। इस मौके पर उपाध्यक्ष लता सिंह, रीता त्रिपाठी, उर्मिला पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय, मीरा मिश्रा, सरिता शुक्ला, राधिका शुक्ला, बलजीत वर्मा, चंद्रावती और शशि कला मौजूद थीं। अभिभावकों और बच्चों ने साथ मिलकर वंदे मातरम गाया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। डॉ. कैप्टन पुष्पलता मिश्रा ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय परसा के बच्चे ज्ञान और संस्कार से परिपूर्ण हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम को 150 साल हो गए हैं और बच्चों को पूरा गीत याद है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्र ने अतिथियों का आभार जताया।

सुपर कॉप को सम्मान, ISIS इंडिया चीफ को पकड़ने वाले IPS पार्थ सारथी महंता को मिला गृह मंत्रालय का सर्वोच्च पदक

डिजिटल डेस्क, दिसपुर। गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंता को ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक 2026’ के लिए चुना गया है। ये उन 19 सुपर कॉप में शामिल हैं, जिनके काम को भारत सरकार सम्मानित कर रही है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंता अपने पुलिस करियर में आतंकवाद-रोधी अभियानों, नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई और जांच से जुड़े कई बड़े ऑपरेशन में शामिल रहे हैं।

‘सुपर कॉप’ डॉ. महंता असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के इंस्पेक्टर जनरल (IG) भी हैं। इन्होंने मार्च 2023 में इस फोर्स के पुनर्गठन के बाद से संदिग्ध चरमपंथी नेटवर्कों और संगठित नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कई अभियानों का नेतृत्व किया है।

मार्च 2023 से दिसंबर 2024 के बीच, STF ने चरमपंथी संगठनों से जुड़े होने के संदेह में 21 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें जिहादी समूह, माओवादी, ULFA-I और मणिपुर से सक्रिय विद्रोही गुटों के सदस्य शामिल थे।

गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंता के इस दौरान किए गए प्रमुख अभियानों में से एक था – मार्च 2024 में धुबरी से ISIS के भारत प्रमुख माने जाने वाले हारिस अजमल फारूकी और उसके साथी अनुराग सिंह की गिरफ्तारी।

डॉ. महंता के कार्यकाल में ही STF ने असम में ‘अंसारुल्लाह बांग्ला टीम’ (ABT) नेटवर्क और संदिग्ध ‘स्लीपर सेल’ की गतिविधियों की भी जांच की। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ फोर्स की सख्त कार्रवाई के चलते भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया।

असम STF द्वारा जनवरी 2025 में जारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2023 से दिसंबर 2024 के बीच 59 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 9.67 लाख साइकोट्रोपिक (नशीली) गोलियां, प्रतिबंधित ‘फेनसेडिल’ कफ सिरप की 37,000 बोतलें, लगभग चार टन गांजा, 37.26 किलोग्राम अफीम और एक किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त की गई।

डॉ. महंता को यह हालिया सम्मान, 2025 में ‘विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक’ (President’s Medal for Distinguished Service) मिलने के एक साल बाद मिला है। इसके बाद, अक्टूबर 2026 में 75वें असम पुलिस दिवस समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया था।

इनके कार्यकाल के दौरान, STF ने 254 अभियान चलाए, 41 मामले दर्ज किए और विभिन्न मामलों में कुल 482 लोगों को गिरफ्तार किया। जांचकर्ताओं को संदेह था कि इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से जुड़े हुए थे।

फिल्म मेकिंग में रुचि

पुलिस महकमे में अपनी जिम्मेदारियों के अलावा, डॉ. महंता ने फिल्म निर्माण और लेखन के क्षेत्र में भी काम किया है। उनके कई प्रोजेक्ट सामाजिक मुद्दों, इतिहास और संरक्षण पर केंद्रित हैं।

  • डॉक्यूमेंट्री ‘हरगिला – द ग्रेटर एडजुटेंट स्टॉर्क’ (Hargila – The Greater Adjutant Stork) को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘विशेष उल्लेख’ मिला। यह डॉक्यूमेंट्री पर्यावरणविद् डॉ. पूर्णिमा देवी बर्मन और ‘हरगिला आर्मी’ के सदस्यों द्वारा किए जा रहे संरक्षण प्रयासों पर आधारित है।
  • एक और प्रोजेक्ट, एनिमेटेड फिल्म ‘लचित: द वॉरियर’ (Lachit: The Warrior), अहोम जनरल लचित बोरफुकन के जीवन पर आधारित है। इसे अंतरराष्ट्रीय मंचों सहित कई फिल्म समारोहों में प्रदर्शित किया गया है।
  • ‘फेहुजली’ (Fehujali) नामक एक डॉक्यू-ड्रामा का निर्देशन भी किया है, जो इस बात की पड़ताल करता है कि कैसे कमजोर युवा विद्रोही गतिविधियों की ओर खिंचे चले आते हैं।
  • इसके अलावा, ‘अनसुनी चीखें’ (Ansuni Cheekhein) नाम की एक लघु फिल्म भी बनाई है, जो उनकी अपनी लिखी एक कविता पर आधारित है।

साहित्य में भी दिलचस्पी

साहित्य के क्षेत्र में उनके काम में असमिया और अंग्रेजी भाषा की किताबें और कविता संग्रह शामिल हैं। वे कॉलम भी लिखते हैं और असमिया पत्रिका ‘आईना जीवनोर’ (Aaina Jibonor) के मानद संपादक के रूप में भी काम करते हैं।

 

जनवरी 2026 में, सिलचर स्थित असम विश्वविद्यालय ने अपने 23वें दीक्षांत समारोह में महंता को मानद ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्स’ (D.Litt.) की उपाधि से सम्मानित किया गया। बताया जाता है कि वे भारत के ऐसे पहले सेवारत IPS अधिकारी हैं, जिन्हें यह सम्मान मिला है।

यह भी पढ़ें- गुवाहाटी होटल गोलीकांड: जांच कर रही SIT के तीन बड़े पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर

मेहंदी लगाने पर विवाद में मां-बेटी की पिटाई:श्रावस्ती में सरिया और साइकिल की चेन से हमला

श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के सेमगढ़ा के तीन पुरवा में मेहंदी लगाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विपक्षियों ने बुजुर्ग महिला और उनकी बेटी को लात-घूंसों, थप्पड़ों, सरिया और साइकिल की चेन से पीटकर घायल कर दिया। महिला ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सेमगढ़ा के तीन पुरवा की अनवर जहां पत्नी मटुठ के मुताबिक, वह घर पर समीना से हाथों में मेहंदी लगवा रही थीं। इसी दौरान कुछ लोगों ने बुजुर्ग होने के बावजूद मेहंदी लगवाने पर तंज कसा। इस बात पर कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मां-बेटी को पीटा और जान से मारने की धमकी दी। दोनों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद अनवर जहां ने इकौना थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया और दोनों घायलों को अगले दिन मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना भेजा। अनवर जहां ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बेलासपुर नर्सरी में दो पक्षों के बीच मारपीट:छह लोग घायल; रात 12:30 बजे हुई घटना, दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति का चालान

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बेलासपुर नर्सरी में सोमवार रात करीब 12:30 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसमें छह लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा। वहां रात करीब एक बजे उनका इलाज किया गया।
घायलों में एक पक्ष के राजकरन (32), पप्पू (27) और रीना (26) शामिल हैं। राजकरन और पप्पू, रामलगन के बेटे हैं। रीना, राजकरन की पत्नी हैं।
दूसरे पक्ष से भोला (20), सोनी (16) और तीजा (50) घायल हुए। भोला, धन्नू के बेटे हैं। सोनी, धन्नू की बेटी और तीजा उनकी पत्नी हैं।
पुलिस ने शांति भंग की आशंका में दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। एक पक्ष के राजकरन और दूसरे पक्ष के भोला का चालान किया गया।
थानाध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के तीन दोषियों को सजा:बस्ती की पॉक्सो कोर्ट ने 20-20 साल का कारावास सुनाया, सभी पर 21-21 हजार रुपए जुर्माना

बस्ती में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के पांच साल पुराने मामले में पॉक्सो एक्ट कोर्ट ने मंगलवार को तीन दोषियों को 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने प्रत्येक पर 21-21 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद 3 नवंबर 2026 को यह फैसला आया। 2021 में दर्ज हुआ था मुकदमा मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के थूहा गांव का है। 13 जून 2021 को पीड़िता के पक्ष से थाने में तहरीर दी गई थी। इसमें गांव के बृजेश निषाद पुत्र शिव प्रसाद, गोरख निषाद पुत्र राम प्रसाद उर्फ चोन्हर और प्रदीप निषाद पुत्र भदई के खिलाफ शिकायत की गई थी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। पुलिस की पैरवी पर दोषियों को सजा मुकदमे की सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में पैरवी सेल बस्ती और कप्तानगंज पुलिस ने प्रभावी पैरवी की। अभियोजन पक्ष की ओर से पेश साक्ष्यों के आधार पर पॉक्सो एक्ट कोर्ट ने तीनों को दोषी ठहराया। अदालत ने प्रत्येक दोषी को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 21 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुराने मामले में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाई गई।

‘राहुल गांधी का थर्ड क्लास झूठ’, PM मोदी को विदेशी मदद मिलने के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाया कि वो ‘विदेशी मदद के कारण’ सत्ता में आए और अभी भी पद पर बने हुए हैं। राहुल गांधी के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने राहुल गांधी को ‘बेहद घटिया धोखेबाज’ करार दिया और उन पर पाखंड का आरोप लगाया। केशवन ने राहुल गांधी का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए उन पर निशाना साधा है।

‘राहुल गांधी का झूठ उन पर ही भारी पड़ता है’

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘राहुल गांधी इतने घटिया किस्म के धोखेबाज हैं कि उनके थर्ड क्लास झूठ हमेशा उन पर ही उल्टे पड़ते हैं और अंत में उन्हें शर्मिंदा होना पड़ता है।’

सी.आर. केशवन ने मार्च 2023 में UK में दिए गए राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए आगे बताया, ‘2023 में, लोकसभा चुनाव से पहले लंदन में बोलते हुए, राहुल गांधी ने भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी दखल की गुहार लगाई थी और कहा था, यह सिर्फ भारत की लड़ाई नहीं है।’

बीजेपी प्रवक्ता ने आगे लिखा, ‘कांग्रेस ने इस आरोप का जवाब देने से क्यों कतराया है कि सोनिया गांधी ‘एशिया-पैसिफिक में डेमोक्रेटिक लीडर्स के फोरम’ की सह-अध्यक्ष थीं? इस फोरम ने कश्मीर को एक स्वतंत्र राष्ट्र बनाने के विचार का समर्थन किया था और इसके जॉर्ज सोरोस के साथ करीबी संबंध हैं।’

बीजेपी नेता ने कांग्रेस की चुप्पी पर निशाना साधते हुए लिखा, ‘राहुल गांधी और कांग्रेस ने हिंडनबर्ग और कॉर्नेलिया वोल जैसी संस्थाओं और व्यक्तियों के साथ अपने करीबी संबंधों पर रहस्यमयी चुप्पी क्यों साधे रखी है? ये लोग उन संगठनों से गहराई से जुड़े हैं जिन्हें जॉर्ज सोरोस से फंडिंग मिलती है।’

बीजेपी ने राहुल गांधी की यात्राओं पर सवाल उठाते हुए लिखा, ‘राहुल गांधी अक्सर विदेश यात्राओं पर क्यों चले जाते हैं? वे चुपके-चुपके किससे मिलते हैं और इन गुप्त मुलाकातों का एजेंडा क्या होता है? देश राहुल गांधी से जवाब मांगता है क्योंकि वे विपक्ष के नेता (LOP) हैं, और उनकी विदेश यात्राओं से जुड़ा यह रहस्य हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है।’

राहुल गांधी ने ‘विदेशी मदद’ मिलने का लगाया था आरोप

राहुल गांधी ने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के भाषण को लेकर उन पर निशाना साधा था। पीएम मोदी की ‘विदेशी साजिशों’ वाली चेतावनी को उन्हीं की तरफ मोड़ते हुए, राहुल गांधी ने बिना कोई ठोस सबूत दिए आरोप लगाया कि मोदी सरकार और देश की वित्तीय व्यवस्था बाहरी ताकतों के सहारे टिकी हुई है।

राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच हो, कोई भी समय हो। अगर हिम्मत है तो सामने आइए। लेकिन आप ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेंगे, क्योंकि आप डरे हुए हैं कि मुझे आपके बारे में क्या-क्या पता है।’

पीएम मोदी ने कांग्रेस को विदेशी फंडिंग मिलने का लगाया आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए नागरिकों से कहा था किउन बाधा डालने वाली ताकतों से सावधान रहें, जो देश को बांटने और विदेशों में भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।

पीएम मोदी ने कहा था, ‘कुछ ताकतें लगातार देश को बांटने की साजिशों में लगी हुई हैं। एक दशक से भी ज्यादा समय की हताशा और निराशा के बाद, ये ताकतें अब खुलकर सामने आ गई हैं। विदेश में कौन किससे गुप्त रूप से मिल रहा है? भारत-विरोधी ताकतें किसका समर्थन कर रही हैं? कौन भारत के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है? हमें इन सभी तौर-तरीकों को पहचानना होगा और मिलकर इनका सामना करना होगा।’

यह भी पढ़ें- दिल्ली में SIR में कटे 47.56 लाख नाम, तीन बार तारीख बढ़ाने के बाद अब तक कितने वोटर्स की हुई वापसी?