राज्य ब्यूरो, कोलकाता। नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में धांधली, वोट लूट और हिंसा का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस ने पुनर्मतदान की मांग की है। शनिवार को विधान भवन में संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने आरोप लगाया कि चुनावी अनियमितताओं की शिकायत के बावजूद चुनाव आयोग ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने नंदीग्राम और सोनाचूड़ा में कांग्रेस समर्थकों पर हमले तथा मुस्लिम बहुल इलाकों में महिलाओं को मतदान से रोकने का भी आरोप लगाया।
चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल
शुभंकर सरकार ने आरोप लगाया कि उपचुनाव के बाद नंदीग्राम और सोनाचूड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर हमले हुए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए ईवीएम बदले जाने की आशंका भी जताई। उनका दावा है कि पुलिस में शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।
कांग्रेस ने नंदीग्राम में निष्पक्ष मतदान के जरिए अपनी लोकप्रियता साबित करने की चुनौती भाजपा नेतृत्व को दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नंदीग्राम के कांग्रेस उम्मीदवार को धमकी दिए जाने के मामले में संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक आडियो रिकॉर्डिंग भी सुनाई गई। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।
विकासरंजन के घर पर हमले के विरोध में आंदोलन
कांग्रेस ने अधिवक्ता और पूर्व सांसद विकासरंजन भट्टाचार्य के घर पर हमले के आरोप की निंदा करते हुए व्यापक आंदोलन का आह्वान किया है। शुभंकर सरकार ने कहा कि पार्टी के प्रतिनिधि उनके घर जाएंगे और अन्याय के खिलाफ विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी को हिरासत में लिया गया तो कांग्रेस उसके साथ खड़ी होगी।
कोलकाता और हावड़ा नगर निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू कीं
इस बीच, पार्टी ने कोलकाता और हावड़ा नगर निकाय चुनाव की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। दोनों नगर निकायों में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से 11 से 16 अक्टूबर तक आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार विधान भवन में निर्धारित फार्म भरकर आवेदन जमा कर सकते हैं।
ईमेल के जरिए भी आवेदन देने की सुविधा होगी। प्रदेश कांग्रेस के पर्यवेक्षक प्रकाश जोशी ने भी इच्छुक लोगों से आवेदन करने की अपील की है।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026





















