नई दिल्ली। दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान के दौरान एक यात्री के पावर बैंक से धुआं निकलने लगा और उसमें आग लग गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री आग बुझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। स्थिति को देखते हुए विमान को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह है कि सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-6115 दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी। सफर के दौरान एक यात्री के पावर बैंक से धुआं निकलने लगा। इसके बाद केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर विमान की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
इंडिगो ने बयान जारी कर दी जानकारी
इंडिगो ने अपने बयान में बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को संचालित फ्लाइट 6E-6115 को एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने की सूचना मिलने के बाद हैदराबाद की ओर मोड़ा गया। विमान को राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एयरलाइन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए चेन्नई जाने वाले वैकल्पिक विमान की व्यवस्था भी की।
पावर बैंक में आग लगने की वजह की जांच
एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं में निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है। फिलहाल पावर बैंक में आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि उपकरण में तकनीकी खराबी थी या बैटरी में कोई समस्या थी।
दरअसल, पावर बैंक, मोबाइल फोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरियां क्षतिग्रस्त होने, खराबी आने या अत्यधिक गर्म होने पर आग पकड़ सकती हैं। इसी वजह से विमानन क्षेत्र में ऐसे उपकरणों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026



















