डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि होर्मुज स्ट्रेट संकट के दौरान यदि कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का आयात तथा घरेलू उत्पादन पूरी तरह बंद हो जाता तब भी भारत के पास 60 दिन तक की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त भंडार था। उन्होंने कहा कि इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में समस्याओं से निपटने की देश की तैयारी का पता चलता है।
उन्होंने फेडरेशन आफ इंडियन चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की वार्षिक बैठक में कहा कि 28 फरवरी को होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से उत्पन्न संकट के दौरान सरकार ने घरेलू लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) का उत्पादन 35,000 टन से बढ़ाकर 55,000 टन कर दिया था।
पुरी ने कहा कि कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति नियंत्रण में रही, लेकिन एलपीजी की आपूर्ति चुनौतीपूर्ण थी, क्योंकि देश का 90 प्रतिशत एलपीजी आयात फारस की खाड़ी से होता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत इस संकट से सफलतापूर्वक निपटने में सक्षम रहा।
संकट के दौरान, एलपीजी सिलेंडर की दैनिक बुकिंग 52 लाख से बढ़कर 92 लाख हो गई, जिसका एक कारण घबराहट और जमाखोरी थी। पुरी ने कहा कि सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए कदम उठाए और देश के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की।
उन्होंने बताया कि भारत की तेल शोधन क्षमता बढ़ रही है, जो वर्तमान में 26.7 करोड़ टन सालाना है और इसे अगले दो वर्षों में 32 करोड़ टन करने की योजना है। दीर्घकालिक लक्ष्य इसे 45 करोड़ टन तक पहुंचाना है।
पुरी ने कहा कि भारत जैव ईंधन, कंप्रेस्ड बायोगैस और हरित हाइड्रोजन के माध्यम से ऊर्जा मिश्रण में विविधता ला रहा है। उन्होंने बताया कि हरित हाइड्रोजन की कीमत घटकर तीन डालर प्रति किलोग्राम हो गई है, जिसे और कम करने का लक्ष्य है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
















