बस्ती के कप्तानगंज ब्लॉक के ऐठीडीह गांव में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इस मौके पर भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की झांकियां सजाई गईं।
.
कथा पंडाल में भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगे। श्रद्धालुओं ने सजीव झांकियों और भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन किए।
कथा वाचक पं. परिपूर्णानंद स्वामी ने श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि द्वापर युग में मथुरा के राजा कंस के अत्याचारों से प्रजा परेशान थी। आकाशवाणी हुई थी कि देवकी की आठवीं संतान कंस का वध करेगी।
इस भविष्यवाणी से डरकर कंस ने देवकी और उनके पति वासुदेव को कारागार में बंद कर दिया और उनकी संतानों को मार डाला। भाद्रपद मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को आधी रात में भगवान विष्णु ने देवकी के आठवें पुत्र के रूप में श्रीकृष्ण अवतार लिया।
कथा के अनुसार, श्रीकृष्ण के जन्म के समय कारागार के पहरेदार सो गए, बेड़ियां खुल गईं और दरवाजे अपने आप खुल गए। वासुदेव बालकृष्ण को लेकर यमुना पार गोकुल पहुंचे और उन्हें नंद बाबा के यहां छोड़ आए।
गोकुल में नंद बाबा और माता यशोदा के घर भगवान के आगमन की खुशी में उत्सव मनाया गया। कथा में बताया गया कि श्रीकृष्ण ने आगे चलकर कंस का वध कर लोगों को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई। जन्मोत्सव का प्रसंग आते ही श्रद्धालु झूम उठे।
आयोजन मुख्य यजमान श्रीमती जया तिवारी और शिवकुमार तिवारी की ओर से कराया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रेरक शिवकुमार तिवारी ने श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया और आयोजन में शामिल होने की अपील की।
आयोजक परिवार के अजीत तिवारी, सुजीत तिवारी, अर्पित तिवारी, श्रेया तिवारी और काव्या तिवारी सहित तिवारी परिवार और मित्र आयोजन में जुटे रहे।
















