
सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में रविवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का डोल जुलूस निकलेगा। इस वजह से इलाके की बिजली सप्लाई कई घंटे बंद रहेगी। बिजली विभाग ने यह फैसला जुलूस के दौरान सुरक्षा और बिना रुकावट आयोजन के लिए लिया है। सिसवा बिजली सबस्टेशन के जूनियर इंजीनियर सत्यम गोंड ने बताया कि डोल जुलूस शाम 4 बजे शुरू होगा। इसलिए रविवार को दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक शहर की बिजली बंद रहेगी। गोंड ने यह भी बताया कि अगर डोल जुलूस तय समय से पहले शांति से खत्म हो जाता है, तो पुलिस-प्रशासन की इजाजत के बाद बिजली सप्लाई पहले भी शुरू की जा सकती है। विभाग ने लोगों से सहयोग करने की अपील की है। बिजली बंद रहने से शहर के लोगों को करीब 7 घंटे तक परेशानी हो सकती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लें और बिजली के लिए कोई दूसरा इंतजाम करके रखें।
































