
श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत वीरपुर लोकिहा में नाली नहीं होने से ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। गांव की मुख्य सड़क पर पानी निकलने के लिए नाली नहीं बनी है। इस वजह से घरों का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। सड़क पर लगातार पानी बहने से हमेशा कीचड़ जमा रहता है और फिसलन रहती है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है। बाइक और साइकिल सवार अक्सर कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। गंदगी के कारण मच्छरों की बढ़ोतरी हो रही है, जिससे बीमारियों का खतरा है। स्थानीय निवासी रामकुमार, श्यामलाल और रमेश कुमार ने बताया कि गांव में लंबे समय से ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। लेकिन, इस समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नाली बनाने और सड़क की सफाई कराने की मांग की है।
































