नौतनवा थाना क्षेत्र के कौलही टोला राजधानी गांव के पास सोमवार देर शाम एक युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह हादसा नौतनवा-लक्ष्मीपुर रेलवे ट्रैक पर हुआ। घटना इतनी भीषण थी कि युवती का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। उसका एक पैर कटकर ट्रैक के बीच पड़ा था। मृतका की पहचान कौलही टोला राजधानी निवासी प्रेमशीला पुत्री राजाराम के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। परिवार वाले भी घटनास्थल पर पहुंच गए। युवती की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। परिवार वालों ने बताया कि प्रेमशीला सोमवार सुबह घर से घास काटने निकली थी। वह रेलवे ट्रैक के आसपास घास काट रही थी। इसी दौरान नौतनवा से लक्ष्मीपुर की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सम्पतिहाँ चौकी प्रभारी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। नौतनवा थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने भी बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जांच जारी है।

















