श्रावस्ती। 24 नवम्बर, 2026। सू0वि0। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का 27 नवंबर 2026 को जनपद गोण्डा में टैबलेट वितरण कार्यक्रम प्रस्तावित है। उक्त कार्यक्रम में जनपद श्रावस्ती के छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारी बैठक आयोजित की गई। जनपद श्रावस्ती से 1100 छात्र छात्राओं को भेजा जाना है। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी शिशिर कुमार सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची समय से तैयार कर ली जाए तथा उन्हें श्रावस्ती से जनपद गोण्डा तक ले जाने एवं वापस लाने के लिए सुरक्षित और सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के आवागमन, खान-पान, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए तथा प्रत्येक वाहन के साथ जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मो0 अजीम, उपयुक्त उद्योग, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तथा प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
















