जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। किसान आंदोलन के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश को समीक्षक भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण मानते रहे हैं, लेकिन यहां के जातीय समीकरण उसकी राह के कांटे हटाते रहे हैं।
अब चूंकि, राष्ट्रीय लोकदल भाजपा के साथ राजग गठबंधन में है तो सीट बंटवारे से पहले ही दल के मुखिया जयन्त चौधरी ने न सिर्फ जाट-गुर्जर गठजोड़ को मजबूत करने की रणनीति लेकर धरातल पर काम शुरू कर दिया है, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रभावशाली इन समुदायों को एक साथ किसान एकता के रूप में राजग के पक्ष में खड़ा करने के लिए भावनात्मक दांव भी चला है।
इसी रणनीति के तहत रालोद ने विशेष तौर पर किसानों के प्रेरणा-पुरुष क्रांतिकारी विजय सिंह पथिक के नाम पर राष्ट्रीय पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की है।
पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह द्वारा स्थापित किसान ट्रस्ट द्वारा मंगलवार को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में विजय सिंह पथिक के नाम पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। यह कार्यक्रम बेशक सामाजिक बैनर के तले था, लेकिन प्रयास और उद्देश्य राजनीतिक समीकरण बनाने वाले थे। कार्यक्रम में रालोद से जुड़े जाट और गुर्जर नेता थे, साथ ही दोनों समुदायों के सामाजिक नेता भी उपस्थित थे।
तमाम वक्ताओं ने विजय सिंह पथिक के जीवन पर अपने विचार रखे। मांग उठाई गई कि बुलंदशहर से जाकर राजस्थान में बिजोलिया किसान आंदोलन के दूसरे चरण की अगुआई करने वाले क्रांतिकारी विजय सिंह पथिक के नाम पर एनसीईआरटी की किताबों में पाठ्यक्रम को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयन्त चौधरी शामिल कराएं।
जयन्त ने कहा कि पथिक ने किसानों को एकजुट किया, तब उनके मन में जाति की कोई बात नहीं रही होगी। समाज को इसी तरह एकजुट होना चाहिए।
उन्होंने घोषणा की कि 27 फरवरी, 2027 को पथिक की जयन्ती पर पश्चिमी उप्र के मवाना में विजय रैली की जाएगी। उसी दिन राष्ट्रीय पुरस्कार की भी शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम के संदर्भ में रालोद संसदीय दल के अध्यक्ष केसी त्यागी ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 136 विधानसभा सीटें हैं। 2022 में भाजपा इनमें से 93 सीटें जीती।
रालोद ने सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और 93 सीटें जीता। इससे स्पष्ट है कि जाट और गुर्जरों का भाजपा को समर्थन था, जो कि रालोद के साथ आने से मजबूत दिख रहा है।
उन्होंने बताया कि विजय सिंह पथिक को गुर्जर और किसान भीष्म पितामह की तरह मानते हैं। उनके नाम पर राष्ट्रीय पुरस्कार की घोषणा और किसानों का जुटान राजग के लिए आठ प्रतिशत गुर्जर और 17 प्रतिशत जाटों का वोट आकर्षित कर सकता है। रालोद का लक्ष्य राजग को इस अंचल से सौ सीटें जिताने का है। वह मानते हैं कि यह गठजोड़ सपा के लिए चुनौतियां बढ़ा सकता है।















