पाइपलाइन से सड़क पर पानी बह रहा।
महराजगंज के सदर ब्लॉक क्षेत्र में पकड़ी-खुटहा मार्ग के लखरहिया चौराहे पर सड़क के गड्ढों में पानी भर रहा है। इससे राहगीरों को फिसलने और चोटिल होने का खतरा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
.
स्थानीय लोगों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंचाने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन कई जगह से क्षतिग्रस्त है। पानी की सप्लाई के लिए मोटर चालू होने पर पाइपों से पानी सड़क पर बहता है। यह पानी गड्ढों में जमा हो जाता है और सड़क पर फिसलन होती है।
राहगीर रमेश, बैजनाथ, संजय अग्रहरि, बाबूलाल, राजेश यादव, मनोज कुमार वर्मा, अखिलेश सिंह, देव नारायण कुशवाहा और मनोज कश्यप सहित कई लोगों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत पर ध्यान देने की मांग की है। उन्होंने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जल्द मरम्मत कराने को कहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का हल नहीं हुआ तो हादसा हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों से सड़क और पाइपलाइन की समस्या पर ध्यान देने की मांग की है।















