Home Blog Page 18

जंगली जानवर से टकराई बाइक:जानवर से टकराने के बाद बाइक बेकाबू होकर सड़क पर दूर

लालगंज थाना क्षेत्र के देईसांड़-बानपुर मार्ग पर एक जंगली जानवर से बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के दतुआखोर निवासी 40 साल के लालजी सोमवार अपनी बाइक से लालगंज थाना क्षेत्र के सेमाडाड़ी गांव में एक रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। देईसांड़-बानपुर मार्ग पर भोगीपुर स्कूल के पास अचानक एक जंगली जानवर सड़क पर आ गया। जानवर से टकराने के बाद बाइक बेकाबू होकर सड़क पर दूर जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार लालजी के सिर में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से घायल लालजी को बनकटी के पीएचसी ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों धीरज कुमार, राम किशुन चौधरी और विरेन्द्र सिंह ने बताया कि सड़क के दोनों किनारों पर घना जंगल है। इस वजह से जंगली जानवर अचानक सड़क पर आ जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस रास्ते पर हफ्ते में एक-दो ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने इसके लिए लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

अमोढ़ा के पंडालों में विराजे प्रथम पूज्य श्री गणेश:विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, भक्तों ने किए दर्शन और लिया आशीर्वाद

अमोढ़ा में गणेश उत्सव की शुरुआत हो गई है। उत्सव के पहले दिन अमोढ़ा मुख्य बाजार, मां कोटही मंदिर परिसर और शिव मंदिर अमोढ़ा में भगवान गणपति की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गणपति बप्पा की प्रतिमाओं की आंखों की पट्टी खोली गई। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्तिमय माहौल में भक्तों ने गणपति बप्पा का गुणगान किया और सुख-समृद्धि की कामना की। गणेश उत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

ग्राम प्रधान को बहन ने दी किडनी:डेईडीहा के प्रधान की जिंदगी बचाने के लिए किया अंगदान, ऑपरेशन सफल रहा

डेईडीहा के ग्राम प्रधान अमरनाथ चौधरी की जान बचाने के लिए उनकी बहन आरती चौधरी ने अपनी किडनी दान की है। इस अंगदान के बाद भाई-बहन के रिश्ते की एक मिसाल पेश हुई है। किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन सफल रहा। अब दोनों के जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की उम्मीद है। बहन का यह कदम भाई-बहन के रिश्ते में एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।

बस्ती में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति:साउघाट-सलतौवा के बीच हादसा, एथेनॉल फैक्ट्री का कर्मचारी होने की आशंका; पहचान नहीं

बस्ती में साउघाट और सलतौवा के बीच एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना आइज हॉस्पिटल के सामने हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, मृतक एक खड़े वाहन के बगल में खड़ा था, तभी वह किसी गाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक दासिया के पास स्थित एथेनॉल फैक्ट्री का कर्मचारी हो सकता है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महाराष्ट्र सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से मिलकर व्यक्त की संवेदना

0

रायपुर :  उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में कबीरधाम जिले के प्रभावित परिवारों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवारों के साथ खड़े रहने और आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

        उप मुख्यमंत्री शर्मा ग्राम बाँधाटोला पहुंचे और सड़क हादसे में दिवंगत स्वर्गीय गनेशिया पटेल, उम्र 26 वर्ष के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। हादसे में परिवार के मुकेश पटेल, उम्र 5 वर्ष तथा डाली पटेल, उम्र 2 वर्ष घायल हुए हैं। उप मुख्यमंत्री ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसी ग्राम में उन्होंने हादसे में घायल ललिता पटेल, उम्र 26 वर्ष, तन्मय पटेल, उम्र 2 वर्ष तथा रामप्यारी पटेल, उम्र 50 वर्ष के परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद उप मुख्यमंत्री शर्मा ग्राम विचारपुर पहुंचे, जहां सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों स्वर्गीय मीनाक्षी वर्मा, उम्र 25 वर्ष, स्वर्गीय सरिता वर्मा, उम्र 25 वर्ष तथा स्वर्गीय ग्रीशा वर्मा, उम्र 2 वर्ष का निधन हुआ है। उन्होंने दिवंगतों के निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

       उप मुख्यमंत्री शर्मा ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बीजा बैरागी पहुंचकर सड़क हादसे में दिवंगत स्वर्गीय कुमारी बाई पटेल, उम्र 40 वर्ष के निवास पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने लोहारा के ग्राम बाँधाटोला पहुंचकर सूरत में बड़ी इमारत से गिरने के कारण दिवंगत स्वर्गीय मायाराम पटेल के निवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

ग्राम छुई में ग्रामीणों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सुनी समस्याएं और विकास की मांगों पर की घोषणाएं

0

रायपुर :  उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम छुई में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगों और समस्याओं को आत्मीयता से सुना तथा गांव में आवश्यक सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि गांव के विकास की सही दिशा ग्रामीणों की जरूरतों और सुझावों से ही तय होती है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। ग्रामीणों से संवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम छुई में नवीन पंचायत भवन और मिडिल स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की।

       उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास का सीधा लाभ ग्रामीणों के जीवन में दिखाई दे। उन्होंने कहा कि बच्चे ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी बेहतर शिक्षा और भविष्य के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। क्षेत्र के 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास तैयार किए गए हैं तथा 35 और स्कूलों में स्मार्ट क्लास स्थापित किए जाएंगे। दो-तरफा संवाद की सुविधा से एक स्थान से कई स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाया जा सकेगा। इसके माध्यम से विषय विशेषज्ञों की कक्षाओं के साथ विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और करियर के लिए मार्गदर्शन भी मिलेगा। आने वाले समय में नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विज्ञान और गणित जैसे विषयों को सरल एवं रुचिकर तरीके से समझाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

       उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ के तहत सभी स्कूलों में बालिकाओं के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जिन स्कूलों में बालिका शौचालय नहीं हैं, वहां शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी। इसी तरह जिन गांवों में मुक्तिधाम की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां मुक्तिधाम शेड निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी, ताकि ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें। इसके लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष बोड़ला विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, मनीराम साहू, भुनेश्वर चंद्राकर, रामकिंकर वर्मा, खिलेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी उपस्थित रहे।  
उप मुख्यमंत्री ने पीएम आवास हितग्राहियों से घर पहुंच की मुलाकात

      उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम छूही में प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित श्रीमती रंभा हठीले और होमित हठीले के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने हितग्राहियों से आवास निर्माण, योजना से मिले लाभ और आवास के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।
17 सितंबर को घर-घर जलाएं ‘आशीर्वाद का दिया’

       उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्रामीणों से 17 सितंबर शाम 7 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दिया’ में सहभागिता करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर प्रत्येक घर के बाहर दीप जलाकर उन्हें शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि यह अवसर देश के विकास और सेवा के संकल्प को मजबूत करने का भी अवसर है। उन्होंने ग्रामीणों से इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।

उज्जैन के विकास को मिल रहा हवाई विस्तार का नया आधार

0

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत उज्जैन में अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और अन्य यात्रियों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए दताना-मताना स्थित हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह मध्यप्रदेश का 10वां एयरपोर्ट होगा। सिंहस्थ-2028 से पूर्व इसके निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

आरसीएस-उड़ान 5.2 योजना के तहत विकास कार्य जारी

दताना-मताना हवाई पट्टी का विकास केंद्र सरकार की आरसीएस-उड़ान 5.2 योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और राज्य सरकार के बीच एमओयू निष्पादित हो चुका है। परियोजना के लिए लगभग 120 एकड़ शासकीय भूमि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जा चुकी है।

1800 मीटर रनवे से होगी शुरुआत, 2700 मीटर तक विस्तार का प्रावधान

दताना-मताना में वर्तमान हवाई पट्टी को 1800 मीटर रनवे के लिए विकसित किया जा रहा है। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रनवे की लंबाई 27 मीटर तक बढ़ाये जाने की योजना है। इससे उज्जैन के लिए हवाई सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों के यात्रा समय में कमी आएगी।

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में महत्वपूर्ण कड़ी

सिंहस्थ-2028 उज्जैन के लिए देश और दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक होगा। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में दताना-मताना एयरपोर्ट का विकास सिंहस्थ की तैयारियों की महत्वपूर्ण अधोसंरचनात्मक कड़ी है। एयरपोर्ट के माध्यम से उज्जैन तक हवाई मार्ग से पहुंचना अधिक सुगम होगा, जिससे बड़े आयोजन के दौरान यात्रियों को आवागमन का एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा।

धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा विस्तार

बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्रों में शामिल है। एयरपोर्ट के विकास से वर्षभर देश के विभिन्न हिस्सों से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ व्यापार, स्थानीय परिवहन, होटल, खान-पान और अन्य सेवा क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

प्रदेश में लगातार बढ़ रहा हवाई अधोसंरचना का दायरा

मध्यप्रदेश में हवाई अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। वर्ष 2023-24 में प्रदेश में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और खजुराहो सहित 5 प्रमुख एयरपोर्ट संचालित थे। वर्ष 2024-25 में रीवा, दतिया और सतना को जोड़ने के बाद इनकी संख्या 8 हो गई। इसके बाद शिवपुरी में नए एयरपोर्ट के विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और दताना-मताना में एयरपोर्ट का विकास पूरा होने पर मध्यप्रदेश को अपना 10वां एयरपोर्ट प्राप्त होगा।

केंद्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश में 5 नए एयरपोर्ट के विकास को भी मंजूरी दी गई है। प्रदेश में हवाई अधोसंरचना के विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर प्रस्तावित कार्यों से आने वाले समय में विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।

मध्य प्रदेश के दो IAS अधिकारियों पर हाई कोर्ट सख्त, गिरफ्तारी वारंट जारी

0

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने अदालत के आदेश की अवहेलना करने के मामले में दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, जिनमें तत्कालीन प्रमुख सचिव राजस्व विवेक पोरवाल और तत्कालीन सागर कलेक्टर संदीप जीआर शामिल हैं। कोर्ट ने दोनों अधिकारियों को आगामी 21 सितंबर 2026 को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है।

क्या है पूरा मामला

यह पूरा विवाद सागर कलेक्टर कार्यालय की अनुभाग अधिकारी शीला सेन के नियमितीकरण से जुड़ा हुआ है। शीला सेन ने अपनी नौकरी के नियमितीकरण के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए 19 मार्च 2025 को अदालत ने राज्य सरकार और सागर कलेक्टर को 90 दिन के भीतर उनके दावे पर विचार कर उचित निर्णय लेने का आदेश दिया था। तय समय सीमा बीतने के बावजूद जब आदेश का पालन नहीं किया गया और न ही कोर्ट को कोई जानकारी दी गई, तो याचिकाकर्ता ने अवमानना याचिका दायर कर दी।

अधिकारियों की गैर-हाजिरी और नाराजगी

हाईकोर्ट द्वारा सितंबर 2025 में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद दोनों अधिकारी न तो खुद पेश हुए और न ही उनके वकील ने कोई जवाब या अनुपालन रिपोर्ट पेश की। सागर कलेक्टर की ओर से केवल एक तहसीलदार को संपर्क अधिकारी नियुक्त करने का पत्र भेजा गया था, जिसे हाईकोर्ट ने नाकाफी माना। अदालत ने अधिकारियों के इस रवैये को बेहद गंभीरता से लेते हुए नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि आदेश की अनदेखी करने पर अब गिरफ्तारी वारंट जारी करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

वारंट की तामील और जिम्मेदारी

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 21 सितंबर 2026 को दोनों अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश किया जाए। इस वारंट की तामील कराने की जिम्मेदारी भोपाल पुलिस कमिश्नर और सागर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को सौंपी गई है।

बांसवाड़ा में बहनों की सियासी एंट्री, एक बीजेपी से जीतीं तो दूसरी कांग्रेस से

0

बांसवाड़ा। नगर परिषद चुनाव के परिणामों में कई हैरान करने वाले और दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं, जहाँ एक तरफ दो सगी बहनें अलग-अलग दलों से पार्षद चुनकर सदन पहुँची हैं, तो वहीं दूसरी ओर एक प्रत्याशी ने सातवीं बार जीत दर्ज कर अनोखा रिकॉर्ड बनाया है।

सदन में साथ बैठेंगी दो सगी बहनें

बांसवाड़ा नगर परिषद के वार्ड 42 से भाजपा उम्मीदवार गायत्री शर्मा ने जीत हासिल की है, जबकि उनकी अपनी बहन राजेश्वरी शर्मा ने वार्ड 54 से कांग्रेस के टिकट पर बाजी मारी है। यह पहला मौका होगा जब बांसवाड़ा निकाय के इतिहास में दो बहनें एक साथ पार्षद के रूप में सदन का हिस्सा बनेंगी। इससे पहले कांग्रेस नेता नाथूराम हरिजन और उनकी पुत्री देवबाला राठौड़ भी साथ रह चुके हैं।

सातवीं बार जीत का रिकॉर्ड और अनोखे संयोग

कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीतने वाली देवबाला राठौड़ ने लगातार सातवीं बार पार्षद बनकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसके अलावा, चुनाव परिणामों में समान नामों को लेकर भी खासी चर्चा रही, जहाँ भाजपा से चांदनी लालवानी और चांदनी जैन समेत दो 'दिनेश' (दिनेश राणा और दिनेश पुरी) चुनाव जीते। इसी तरह कांग्रेस से भी गौतम मईड़ा और गौतम निनामा जैसे एक जैसे नाम वाले प्रत्याशी विजयी रहे।

दिग्गजों की वापसी और बीएपी का सूपड़ा साफ

कांग्रेस ने अपने पुराने पार्षदों में से छह को जिताने में सफलता पाई, जबकि छह अन्य पूर्व पार्षदों को हार का सामना करना पड़ा। वहीं भाजपा खेमे से युगल उपाध्याय, सोनिया वैष्णव और दीपक जोशी समेत कई पुराने चेहरों ने शानदार वापसी की है। दूसरी ओर, बांसवाड़ा में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 19 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी इनमें से एक भी सीट पर जीत हासिल करने में नाकामयाब रही।

मॉडल स्कूल एवं आवासीय विद्यालयों की प्रगति की एसीएस ने की समीक्षा

0

जयपुर। स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश यादव ने सोमवार को शासन सचिवालय में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल योजना सहित विभिन्न आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अध्यापकों एवं विद्यार्थियो की उपस्थिति, विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के नामांकन,मानव संसाधन,आधारभूत सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री यादव ने प्रदेश के मॉडल स्कूलों में रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मॉडल स्कूलों के परीक्षा परिणामों में और सुधार के लिए विषयवार विश्लेषण एवं आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने निर्माणाधीन भवनों में भूमि, बिजली, पानी एवं अन्य लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भवन निर्माण के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। एसीएस ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल छात्रावास, पीएम-जनमन एवं डीएजेजीयूए के अंतर्गत संचालित एवं निर्माणाधीन छात्रावासों की प्रगति की भी समीक्षा की। केजीबीवी में कुल 51 हजार 950 विद्यार्थियों की क्षमता के विरुद्ध 46 हजार 668 बालिकाएं नामांकित हैं। वहीं नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों सहित अन्य आवासीय संस्थानों में भी नामांकन की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रयास करने के निर्देश दिए गए। बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत स्वीकृत किए गए आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। नए आवासीय विद्यालयों/छात्रावासों के लिए कार्य स्वीकृत है, जिनमें से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होकर विद्यार्थी रह रहे हैं। छात्रावासों में वॉशिंग मशीन एवं स्वचालित रोटी मेकर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा केजीबीवी में थ्री-फेज विद्युत कनेक्शन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।

विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं

मॉडल स्कूलों में स्मार्ट एवं वर्चुअल कक्षाएं, 20 कम्प्यूटर वाले कम्प्यूटर लैब, सीसीटीवी कैमरे, छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन, डिस्पेंसरी एवं इन्सीनेरेटर सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण, मासिक अभिभावक-शिक्षक बैठक, स्काउट-गाइड, कला एवं शिल्प, विज्ञान मेले, गणित ओलंपियाड, योग ओलंपियाड, स्कूल बैंड एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। प्रदेश के 27 शैक्षणिक दृष्टि से पिछड़े जिलों के 134 ब्लॉकों में 134 स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल संचालित हैं। इन विद्यालयों में कुल 57 हजार 565 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 28 हजार 957 बालक एवं 28 हजार 608 बालिकाएं हैं। विद्यालयों में बालिकाओं के लिए 55 प्रतिशत तथा बालकों के लिए 45 प्रतिशत सीटों का प्रावधान है। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत कुल 514 छात्रावास/आवासीय इकाइयां स्वीकृत हैं, जिनमें 422 संचालित हैं तथा 92 निर्माणाधीन अथवा लंबित हैं। केजीबीवी के 389 में से 377 संचालित हैं, जबकि 12 पर कार्य प्रगति पर है। स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूलों के 25 छात्रावासों में 22 संचालित हैं और 3 निर्माणाधीन हैं। इस अवसर पर आयुक्त एवं राज्य परियोजना निदेशक डॉ रश्मि शर्मा, उपायुक्त राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद् सुमन देवी, उपायुक्त वर्षा मीणा, अधीक्षण अभियंता जयकिशोर दुबे सहित अन्य मौजूद रहे।