बस्ती के हर्रैया विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपराकाजी में गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 750 छोटे-बड़े पशुओं का उपचार किया गया। पशु चिकित्सकों की टीम ने पशुओं की जांच की और दवाइयां बांटीं। पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, टीकाकरण, संतुलित आहार और मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान वीरेंद्र कुमार चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया और गौ माता का पूजन कर मेले की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने का प्रमुख साधन है। स्वस्थ पशु से ही किसान समृद्ध होगा, इसलिए उनकी देखभाल जरूरी है। डॉ. सुमित श्रीवास्तव ने कहा कि पशुपालन किसानों की आर्थिकी की रीढ़ है। समय पर टीकाकरण, कृमिनाशक दवा और संतुलित आहार से पशुओं को कई गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। उन्होंने पशुशाला साफ रखने, शुद्ध पेयजल देने और बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। ठंड के मौसम में पशुओं के बैठने के लिए पुआल बिछाने को भी कहा। मेले में गलाघोंटू, खुरपका-मुंहपका, थनैला रोग, कृमि रोग, दस्त, बुखार, चर्म रोग और बांझपन का उपचार किया गया। इस दौरान डॉ. श्याम राज, डॉ. अनूप, बब्बन अहमद फारूकी, दिनेश कुमार, रजनीश कुमार, राजू, राम दास यादव और रवि प्रकाश मौजूद रहे।
पशु आरोग्य मेले में 750 पशुओं का उपचार:हर्रैया के पिपराकाजी में पशुपालन विभाग ने लगाया मेला
BREAKING
NEWS
















