*
*संदिग्ध छवि वाले और ब्लैक लिस्ट घोषित विद्यालयों को किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाए-जिलाधिकारी*
श्रावस्ती, 04 नवम्बर, 2026। सू0वि0। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी यूपी बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत जनपदीय परीक्षा समिति की बैठक की गई। जिसमें केंद्र निर्धारण और आपत्तियों के निस्तारण पर चर्चा की गई। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 के लिए जिले में अभी तक 40 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 50 प्रत्यावेदन प्राप्त हुए है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं के आधार पर 40 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है। केंद्र निर्धारण के संबंध में 50 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की ओर से प्रत्यावेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होने बताया कि जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इसे देखते हुए कुछ अतिरिक्त केंद्रों की आवश्यकता है।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संदिग्ध छवि वाले और ब्लैक लिस्ट घोषित विद्यालयों को किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाए। केंद्र निर्धारण में परीक्षार्थियों की सुविधा, विद्यालयों के बीच दूरी और आवागमन के साधनों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण करें और इसका विशेष ध्यान रखा जाए कि बनाये जाने वाले परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के लिए सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं रहे। उन्होंने विशेष रूप से 10 से 12 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले परीक्षा केंद्र आवंटित करने से बचने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह, उपजिलाधिकारी क्रमशः भिनगा आशीष भारद्वाज, इकौना रवि प्रताप सिंह, जमुनहा रवेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
