रिपोर्ट:गजेन्द्र गुप्ता,MNT न्यूज भारत
महराजगंज। पूर्वजों की स्मृति को केवल औपचारिक श्रद्धांजलि तक सीमित न रखकर उसे मानवीय संवेदनाओं और सेवा के धरातल पर जीवंत करने का एक प्रेरक उदाहरण आज महराजगंज में देखने को मिला। ‘एकलव्य वेलफेयर एवं मेडिकल रिसर्च ट्रस्ट’ के तत्वावधान में स्थानीय कृष्णा फ्रैक्चर क्लीनिक परिसर में एक भावपूर्ण सेवा कार्यक्रम का आयोजन कर मरीजों और क्लीनिक के समस्त स्टाफ के बीच कंबल एवं फलों का वितरण किया गया।

यह पुनीत आयोजन ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. डी. के. साहनी के पूज्य पिताजी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी पावन स्मृति को समर्पित रहा। कड़ाके की ठंड के बीच जहां क्लीनिक में उपचाराधीन व उपस्थित मरीजों को कंबल की गर्माहट और पौष्टिक फलों का संबल मिला, वहीं दिन-रात सेवा में तत्पर रहने वाले चिकित्सा कर्मियों के प्रति भी आत्मीयता और सम्मान का भाव प्रकट किया गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से संदेश दिया गया कि दिवंगत पूर्वजों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि वही है, जो समाज के जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान और उनके जीवन में राहत लेकर आए। सेवा, करुणा और परस्पर सहयोग के इस संकल्प के साथ आयोजित कार्यक्रम में ट्रस्ट की सचिव डॉ. कृष्णा साहनी सहित कृष्णा फ्रैक्चर क्लीनिक के सभी चिकित्सकीय एवं सहायक स्टाफगण मौजूद रहे।
















