Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश सारस हाईटेंशन तार से टकराकर खेत में गिरा:निचलौल के जमुईकला नहर के...

सारस हाईटेंशन तार से टकराकर खेत में गिरा:निचलौल के जमुईकला नहर के पास घायल पक्षी को वन्यजीव रक्षक सहानी टीम ने बचाया

0
4

महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में जमुईकला नहर के पास बृहस्पतिवार को एक सारस हाईटेंशन तार से टकराकर खेत में गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन्यजीव रक्षक सहानी टीम मौके पर पहुंची और उसका रेस्क्यू किया।
जानकारी के मुताबिक, नहर के पास खेतों में दो सारस उड़ रहे थे। इसी दौरान एक सारस हाईटेंशन टावर के तार से टकरा गया और खेत में गिर पड़ा। उसके पंख और पैर में चोट आई, जिससे वह उड़ नहीं पा रहा था।
ग्रामीणों ने सारस को घायल हालत में देखा तो स्थानीय वन्यजीव रक्षक टीम और वन विभाग को सूचना दी। वन्यजीव रक्षक सहानी समाज की टीम ने मौके पर पहुंचकर सारस को सुरक्षित किया और प्राथमिक उपचार शुरू किया।
सहानी रेस्क्यू टीम के मुताबिक, सारस को हाईटेंशन करंट का हल्का झटका भी लगा था। टीम ने उसके घाव साफ किए, दवा लगाई और पानी पिलाया। इसके बाद उसे आगे के इलाज के लिए सुरक्षित जगह ले जाया गया।
सारस उत्तर प्रदेश का राज्य पक्षी है और विलुप्तप्राय प्रजातियों में शामिल है। खेतों और नहरों के किनारे इसका बसेरा होता है। बिजली के तारों से टकराने पर ऐसे पक्षी घायल हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से नहर और खेतों के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तारों पर बर्ड डायवर्टर लगाने की मांग की है।