महराजगंज जिले के सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य की दक्षिणी चौक रेंज में रविवार को पर्यटन सत्र 2026-27 के तहत जंगल सफारी शुरू हुई।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य अमरनाथ तिवारी और क्षेत्रीय वनाधिकारी ऋषभ नायक ने किया। इसके बाद सफारी जीप से स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों को अभयारण्य का भ्रमण कराया गया।
इस दौरान वनकर्मियों ने उन्हें जंगल की जैव विविधता और वन्यजीवों के महत्व की जानकारी दी।
क्षेत्रीय वनाधिकारी ऋषभ नायक ने कहा कि जंगल सफारी शुरू होने से जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
वन दरोगा नित्यानंद मौर्य ने कहा कि इस पहल से लोग प्रकृति और वन्यजीवों को करीब से समझ सकेंगे। इससे वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
कार्यक्रम में वन दरोगा राहुल कुमार, अवधेश कुमार मौर्य, वन रक्षक वास्तु कुमार पांडेय और प्रदीप कुमार यादव समेत कई वनकर्मी मौजूद रहे।
