श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के लालबोझा दरवेश गांव के मजरा दरवेश में साबित राम यादव के घर के सामने लगा हैंडपंप कई महीनों से खराब है। यह जगह इंडो-नेपाल बॉर्डर पर स्थित है। ग्रामीणों ने बताया कि हैंडपंप खराब होने से लोगों को पीने का पानी जुटाने में परेशानी हो रही है। हैंडपंप के चारों तरफ कीचड़, कूड़ा-कचरा और गंदा पानी जमा है। वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गंदगी से बदबू आ रही है और मच्छर बढ़ गए हैं। गंदे पानी से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा है। ग्रामीणों को गंदगी के बीच से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से हैंडपंप ठीक कराने और सफाई कराने की शिकायत की है। उनका कहना है कि अब तक सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हैंडपंप की मरम्मत कराने और आसपास की गंदगी साफ कराने की मांग की है, ताकि लोगों को पीने का साफ पानी मिल सके।
