सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बागापार के टोला विशुनपुरवा में सड़क पर पानी जमा होने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। दीपावली पर होने वाली लक्ष्मी पूजा की तैयारियों पर भी इसका असर पड़ रहा है। पानी जमा होने से राहगीरों को रोज मुश्किल होती है। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक समस्या दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गांव के युवा दीपावली पर लक्ष्मी पूजा का आयोजन करेंगे। आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पूजा स्थल के आसपास सफाई और दूसरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, लेकिन सड़क पर जमा पानी काम में रुकावट बन रहा है। आयोजकों के मुताबिक, जलजमाव नहीं हटा तो श्रद्धालुओं को पूजा स्थल तक पहुंचने में परेशानी होगी। त्योहार के दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ेगी। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि दीपावली से पहले सड़क पर जमा पानी की समस्या दूर की जाए, ताकि श्रद्धालु पूजा स्थल तक पहुंच सकें।
