सोनौली-नौतनवा मार्ग पर यात्री ऑटो से लटककर सफर कर रहे।
सोनौली से नौतनवा के बीच चलने वाले ऑटो में तय क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाई जा रही हैं। सीट नहीं मिलने पर कुछ यात्री ऑटो के पीछे लटककर सफर कर रहे हैं।
.
सुबह और शाम इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्यादा कमाई के लिए चालक ऑटो में ओवरलोडिंग करते हैं। कई बार यात्री पीछे फुटरेस्ट या लोहे की रॉड पकड़कर सफर करते दिखते हैं।
अचानक ब्रेक लगने या वाहन का संतुलन बिगड़ने पर हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, इस मार्ग से स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी सफर करते हैं। उनका कहना है कि पहले भी ऐसी लापरवाही सामने आई है, लेकिन स्थिति नहीं बदली। लोगों ने ओवरलोडिंग रोकने की मांग की है।
नौतनवा के क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने बताया कि ऑटो में ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिली हैं। नौतनवा-सोनौली मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वाले ऑटो चालकों के चालान काटे जाएंगे और जरूरी कानूनी कार्रवाई होगी। यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।
















