श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के पिपरपाती चौराहे पर स्थित शांति सेवा हॉस्पिटल में महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग को अब तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। छह दिन बाद भी विभाग को पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के पति बंधू सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर विभाग को लिखित शिकायत देंगे।
रामपुर चकिया निवासी बंधु सिंह की पत्नी शकुंतला देवी (50) को बीते मंगलवार सुबह करीब पांच बजे सीने में दर्द हुआ था। परिजन उन्हें शांति सेवा हॉस्पिटल ले गए। आरोप है कि डॉक्टर ने लिवर में संक्रमण बताकर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया।
बुधवार सुबह महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने डॉक्टर पर ऑक्सीजन हटाने और समय पर मेडिकल कॉलेज रेफर नहीं करने का आरोप लगाया। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाने पर वहां के डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन शव लेकर निजी अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति की शिकायत पर श्यामदेउरवां पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
सीएमओ डॉ. सुरेश चौधरी ने नोडल अधिकारी को जांच कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए थे। स्वास्थ्य विभाग पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के खिलाफ आगे की कार्रवाई करेगा।
नोडल अधिकारी वीरेंद्र आर्या ने बताया कि उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी नहीं मिली है। परिजनों ने विभाग को शिकायत भी नहीं दी है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मौत के मामले में विभाग को शिकायत का इंतजार:नोडल अधिकारी को छह दिन बाद भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली
BREAKING
NEWS
















