श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक में अचरौरा से शाहपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह खराब हो गया है। सड़क जगह-जगह से उखड़ गई है और गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। इस रास्ते से रोजाना हजारों ग्रामीण, स्कूली बच्चे और किसान गुजरते हैं, जिन्हें काफी दिक्कत हो रही है। बताया गया है कि कई सालों से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। हल्की बारिश में भी सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाता है। इससे लोगों के फिसलकर गिरने और हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क बनाने की मांग की है। अचरौरा निवासी मोहम्मद इरफान ने बताया, “यह सड़क हमारे लिए बहुत जरूरी है। शाहपुर बाजार और अस्पताल जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल होता है। सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि 10 मिनट का रास्ता 40 मिनट में पूरा होता है। गर्भवती महिलाओं को इस रास्ते से ले जाना बहुत मुश्किल है।” शाहपुर के किसान अजय कुमार मिश्रा ने कहा, “ट्रैक्टर-ट्राली निकालना मुश्किल हो गया है। गन्ना और धान की फसल मंडी तक ले जाने में गाड़ियां फंस जाती हैं। कई बार ट्राली पलटने से बची है। सरकार को किसानों की इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए।” शाहपुर निवासी रीना देवी ने बताया, “बच्चे रोज इसी खराब सड़क से साइकिल से स्कूल जाते हैं। कई बार गिरकर उनके कपड़े खराब हो जाते हैं और चोट भी लगती है। हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द इस सड़क को ठीक किया जाए।”
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ अचरौरा-शाहपुर मार्ग जर्जर:हजारों ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों को परेशानी; कई सालों...





















