Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश सिसवा में स्टाफ नर्सों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू:नियमितीकरण से समान वेतन तक...

सिसवा में स्टाफ नर्सों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू:नियमितीकरण से समान वेतन तक की मांग पर अड़ीं स्टाफ नर्सें; कार्य बहिष्कार और धरना जारी रखने का ऐलान

सिसवा में स्टाफ नर्सों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू:नियमितीकरण से समान वेतन तक की मांग पर अड़ीं स्टाफ नर्सें; कार्य बहिष्कार और धरना जारी रखने का ऐलान

सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा में शुक्रवार को स्टाफ नर्सों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों के समर्थन में शुरू हुए इस आंदोलन से स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई है। आंदोलनकारी स्टाफ नर्सों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर नर्सों ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की। स्टाफ नर्सों के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को एनएचएम के तहत कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मार्च निकाला था। आरोप है कि इस दौरान सरकार की ओर से आंदोलनकारियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उन्हें जेल भेजने के साथ लाठी-डंडों से पीटा गया। इस कार्रवाई से एनएचएम कर्मचारियों में नाराजगी है। आंदोलनकारी नर्सों का कहना है कि अपने साथी कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने और उनकी मांगों के समर्थन में वे भी आंदोलन कर रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महराजगंज को संबोधित मांगपत्र में संविदा एएनएम को अनुभव के आधार पर नियमित करते हुए राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग की गई है। इसके साथ ही ओवरएज हो चुकी एएनएम के लिए आयु सीमा समाप्त करने, समान कार्य के लिए समान वेतन देने, कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने और कर्मचारियों का स्थानांतरण उनके गृह जनपद में सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सिसवा सीएचसी पर शुरू हुए धरने में मनीषा गुप्ता, रीमा सिंह, श्वेता सिंह, आरती वर्मा, सुमन यादव, नीतू यादव, मोनिका नारायण, प्रिया चौबे, मोहिनी कुशवाहा, महिमा, अनुपमा गुप्ता और शीला पाल सहित अन्य स्टाफ नर्सें मौजूद रहीं। आंदोलनकारी कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया है।

संबंधित खबरें
Follow @mntnewsbharat