रमेशपालयादव | पनियरा(महाराजगंज), महराजगंज15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
शारदीय नवरात्र के पहले दिन लेहड़ा स्थित प्रसिद्ध दुर्गा माता के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पनियरा क्षेत्र के श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। शनिवार की शाम को पनियरा क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों से भक्तों का एक बड़ा जत्था पारंपरिक रूप से पैदल ही लेहड़ा धाम के लिए रवाना हुआ। ‘माता रानी के जयकारों’ से पूरा इलाका गूंज उठा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
एक दिन पहले पैदल यात्रा की है परंपरा
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पनियरा क्षेत्र के श्रद्धालु हर साल नवरात्र के पहले दिन माता के दर्शन के लिए एक दिन पूर्व की शाम को ही पैदल यात्रा शुरू कर देते हैं। रात भर पदयात्रा करते हुए यह जत्था नवरात्र के पहले दिन भोर में लेहड़ा मंदिर पहुंचता है, जहां माता दुर्गा का दर्शन-पूजन कर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस बार भी सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में झंडे लेकर और माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
युवाओं ने किया जल और फलाहार का वितरण
पदयात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पनियरा कस्बे के शांति नगर चौराहे के युवाओं ने विशेष पहल की। चौराहे पर कैंप लगाकर भक्तों के लिए निशुल्क पेयजल और केले का वितरण किया गया। इस दौरान युवाओं ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्य किया, जिससे पदयात्रियों को काफी सहूलियत मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के सेवा कार्य से भक्तों का उत्साह और बढ़ जाता है।
रातभर की इस निष्ठावान पदयात्रा के बाद, रविवार सुबह सभी श्रद्धालु लेहड़ा धाम पहुंचकर विधि-विधान से माता दुर्गा के दर्शन करेंगे।



“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026



















