बस्ती। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को टीम ने चार दुकानों की जांच कर सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर 133 किलो किशमिश, मूंगफली, कुट्टू और सिंघाड़े का आटा सीज कर दिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अभियान की अगुवाई सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-दो चितरंजन कुमार सिंह ने की। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना के निर्देश पर टीम ने पुरानी बस्ती के पांडेय बाजार स्थित राजेश ट्रेडर्स पर छापा मारा। जांच के दौरान यहां 47 किलो किशमिश और 31 किलो मूंगफली संदिग्ध गुणवत्ता की मिली। टीम ने दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के बाद कुल 78 किलो सामग्री सीज कर दी।
इसके अलावा शहर के मालवीय रोड, गांधीनगर और कंपनी बाग क्षेत्र में भी दुकानों की जांच की गई। यहां से कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, पनीर, साबूदाना और कुट्टू दाना के नमूने लिए गए। जांच के दौरान 27 किलो कुट्टू का आटा और 28 किलो सिंघाड़े का आटा संदिग्ध मिलने पर सीज कर दिया गया। इस तरह कुल 133 किलो खाद्य सामग्री सीज की गई। जिला अभिहित अधिकारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचने की हिदायत दी गई है। अभियान के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभेष कुमार, नरेश, बृजेश और अंकिता शर्मा मौजूद रहीं।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026




















