Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश मनोज विश्वकर्मा ने शुरू की भूख हड़ताल:जिलाधिकारी कार्यालय पर परिवार संग दिया...

मनोज विश्वकर्मा ने शुरू की भूख हड़ताल:जिलाधिकारी कार्यालय पर परिवार संग दिया धरना, CM से भी कर चुके हैं शिकायत

बस्ती के ग्राम पंचायत बरसांव निवासी मनोज विश्वकर्मा ने सोमवार सुबह 10 बजे अपने परिवार के साथ जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना और भूख हड़ताल शुरू कर दी है। वे अपने घर तक आने-जाने के लिए सार्वजनिक रास्ते की मांग कर रहे हैं। मनोज विश्वकर्मा का कहना है कि वे इस समस्या के समाधान के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन अब तक रास्ते की समस्या हल नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम में भी कई बार अपनी बात रखी है। मनोज विश्वकर्मा के मुताबिक, उनकी मांग किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं है। वे अपने घर तक आने-जाने के लिए एक वैध और सार्वजनिक रास्ता चाहते हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने, सार्वजनिक रास्ते की पैमाइश और सीमांकन करने की मांग की है, ताकि उनके घर तक आने-जाने का रास्ता पक्का हो सके। धरने पर बैठे मनोज विश्वकर्मा ने कहा कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होता और आवागमन का रास्ता तय नहीं होता, तब तक वे भूख हड़ताल जारी रखेंगे। धरने के दौरान “जांच कराओ, रास्ता दिलाओ”, “न्याय चाहिए, रास्ता चाहिए” और “सार्वजनिक रास्ता बहाल करो, समस्या का समाधान करो” जैसे नारे लगाए गए। उन्होंने संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। मनोज विश्वकर्मा ने लोकजन सोशलिस्ट पार्टी, बस्ती के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा और युवा जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा से भी अपने संघर्ष में मदद मांगी है। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि वे उनकी मांग को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। मनोज विश्वकर्मा ग्राम पंचायत बरसांव, थाना दुबौलिया, तहसील हर्रैया, जनपद बस्ती के रहने वाले हैं।

संबंधित खबरें
Posts by mntnewsbharat
@mntnewsbharat
Follow @mntnewsbharat