गणेश उत्सव के दूसरे दिन मंगलवार शाम पूरा नगर गणपति की भक्ति में डूबा नजर आया। मुख्य चौराहों पर सजे गणपति पंडाल रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक झालरों से जगमगा उठे। शाम होते ही पंडालों में भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। नगर के इस्टेट तिराहे पर हिंदू कल्याण मंच समिति की ओर से भव्य गणपति पंडाल सजाया गया है। इसके अलावा बनारसी कटरा, कमानी धर्मशाला, गोपाल नगर तिराहा, फलमंडी और सब्जी मंडी सहित कई स्थानों पर गणपति प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। आरती में गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे शाम के समय पंडालों की सजावट आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगी झालरों और बिजली की आकर्षक सजावट के बीच गणपति की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को आकर्षित करती रहीं। पंडालों में पूजा और आरती का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को फूल, लड्डू और प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालु बच्चों और परिवार के साथ पंडालों में पहुंचे। उन्होंने गणपति के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। आरती के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। देर शाम तक जारी रहा दर्शन का सिलसिला गणेश उत्सव को लेकर नगरवासियों में उत्साह नजर आया। देर शाम तक पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने कहा कि विघ्नहर्ता गणपति के आगमन से नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना है। भगवान गणेश सभी के जीवन से परेशानियां दूर कर सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें, इसी कामना के साथ श्रद्धालु बप्पा की भक्ति में लीन रहे।



















