मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बढ़नी और शोहरतगढ़ में आधुनिक बस स्टेशन बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए जरूरी जमीन परिवहन विभाग को मुफ्त में दी जाएगी। इस फैसले से दोनों इलाकों में बस स्टेशन बनने का रास्ता साफ हो गया है। इससे स्थानीय लोगों को अच्छी और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, रोजगार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस फैसले के पीछे शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा के लगातार प्रयास बताए जा रहे हैं। विधायक ने बताया कि उन्होंने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शोहरतगढ़ और बढ़नी में बस अड्डे की जरूरत बताई थी। मुख्यमंत्री ने तब सकारात्मक भरोसा दिया था, जिसके बाद अब दोनों प्रस्तावों को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। मंजूरी मिलने के बाद विधायक विनय वर्मा ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात की और उन्हें मिठाई खिलाकर धन्यवाद दिया। विधायक ने इस फैसले को इलाके के विकास के लिए एक अहम कदम बताया और मुख्यमंत्री का आभार जताया। बस अड्डे के निर्माण को मंजूरी मिलने से इलाके में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे विकास और अच्छी परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक जरूरी कदम बताया है। क्षेत्रवासियों सौरभ सिंघल, मुकेश चंद्र गोयल, जहीरुल हसन, जावेद हाशमी, विकास गुप्ता और हर्षित जायसवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और विधायक विनय वर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बस अड्डे की मंजूरी से बढ़नी और आसपास के इलाकों में आने-जाने की सुविधाएं बेहतर होंगी। इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ बढ़नी-शोहरतगढ़ में आधुनिक बस स्टेशन को कैबिनेट की मंजूरी:स्थानीय लोगों को मिलेगी...




















