महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र के जंगल जरलहा उर्फ जर्दी टोला नए गांव से 38 साल का मोहन गौड़ लापता हो गया है। वह 15 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे घर से बिना बताए निकला था और तब से वापस नहीं लौटा है। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके बड़े भाई गंगा गौड़ ने बुधवार को पनियरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। गंगा गौड़ ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका छोटा भाई मोहन, जो राशन का बेटा है, 15 सितंबर को सुबह करीब 4 बजे घर से निकला था। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों के यहां, आसपास के गांवों और संभावित जगहों पर उसकी तलाश की। इसके बावजूद उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार, मोहन का रंग सांवला है। उसकी लंबाई करीब 6 फीट 2 इंच और शरीर सामान्य है। वह काले रंग का लोअर और सफेद रंग की शर्ट पहने हुए था। उसके पास गेरुआ रंग का गमछा भी था। परिजनों ने पुलिस से युवक की तलाश कर उसे सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश चौधरी ने बताया कि युवक के लापता होने की रिपोर्ट मिली है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















