BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ सिद्धार्थनगर में एआरपी एसोसिएशन मुलाकात:सतीश चंद्र द्विवेदी बोले- दायित्व अनुरूप, तय कार्यों...

सिद्धार्थनगर में एआरपी एसोसिएशन मुलाकात:सतीश चंद्र द्विवेदी बोले- दायित्व अनुरूप, तय कार्यों के अनुसार ही लें

सिद्धार्थनगर में एआरपी एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गुरुवार को पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री एवं इटवा विधायक डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन की ओर से एआरपी (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) साथियों के समक्ष वर्तमान में उत्पन्न विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधियों ने बताया कि उक्त आदेश को लेकर एआरपी साथियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है तथा उनके निर्धारित दायित्वों से इतर कार्य लिए जाने की आशंका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने तत्काल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार से दूरभाष पर वार्ता कर जारी आदेश के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एआरपी से केवल उनके निर्धारित कार्यों एवं दायित्वों के अनुरूप ही कार्य लिया जाना चाहिए। साथ ही उनके मूल शैक्षिक एवं अकादमिक दायित्वों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के निरीक्षण संबंधी कार्य में उन्हें नहीं लगाया जाना चाहिए। डॉ. द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि आदेश में किसी प्रकार की विसंगति है तो उसमें आवश्यक संशोधन किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा शर्तों के विपरीत किसी भी कार्य के लिए एआरपी को बाध्य नहीं किया जाना चाहिए। पूर्व मंत्री ने एआरपी संगठन को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह सदैव एआरपी साथियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करते रहेंगे। इस अवसर पर एआरपी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र बहादुर सिंह, मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन श्रीवास्तव, महामंत्री अनन्तदीप यादव, कोषाध्यक्ष उत्कर्ष श्रीवास्तव, रितेश बहादुर सिंह, प्रशांत सिंह, जेपी गुप्ता, संगीत शुक्ला, विनीत भास्कर, रमेश प्रजापति, गिरीश चंद्र राय, सौरव कुमार पाण्डेय, शिव शंकर मिश्रा आदि उपस्थित रहे।