BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ बप्पा के दरबार से हरियाली का संकल्प:सिसवा में छप्पन भोग के बाद...

बप्पा के दरबार से हरियाली का संकल्प:सिसवा में छप्पन भोग के बाद भक्तों को मिला देववृक्षों का प्रसाद, गणपति पंडाल से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश


सिसवा नगर में चल रहे छह दिवसीय गणपति महोत्सव में गुरुवार रात आस्था, भक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। इस्टेट चौक स्थित सिसवा के महाराज गणपति पंडाल में हिंदू कल्याण मंच समिति ने सिद्धि विनायक की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भगवान गणेश को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं ने सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। इसके बाद भक्तों को देववृक्षों के पौधे प्रसाद के रूप में बांटे गए। बप्पा के आशीर्वाद के रूप में पौधा पाकर श्रद्धालुओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। समिति के सदस्यों ने भक्तों को तुलसी, नीम, पीपल और आंवला समेत कई देववृक्षों के पौधे दिए। उन्हें घर, मंदिर या सार्वजनिक जगहों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया। गणपति बप्पा के जयकारों के बीच पूरे पंडाल में पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा। समिति अध्यक्ष प्रमोद मद्धेशिया ने बताया कि गणपति महोत्सव सिर्फ पूजा और उत्सव तक ही सीमित नहीं है। यह समाज को सही दिशा देने का भी एक जरिया है। प्रकृति और पेड़-पौधों को बचाना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। लगातार पेड़ों की कटाई से पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। ऐसे में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करना आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अहम योगदान है। समिति के सदस्य नितेश श्रीवास्तव, रवि यादव, रविराज जायसवाल, विकास जायसवाल, उमेश जायसवाल और अंकित लाठ ने भी श्रद्धालुओं को पौधों को बचाने के लिए प्रेरित किया। महोत्सव के पांचवें दिन शुक्रवार रात फलमंडी, बनारसी कटरा मेन मार्केट और गोपाल नगर के गणपति पंडालों में छप्पन भोग, भव्य झांकी और भजन संध्या होगी। खेसारी-2, शिवेश द्विवेदी, नितेश चौधरी, उमेश उमंग, अंजलि गोंड और अंशिका सिंह जैसे स्थानीय भजन गायक गणपति भजनों से भक्तों को भावविभोर करेंगे। इन पंडालों में महाप्रसाद के रूप में भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।