BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ चरगाहवा नदी के पास टूटा डिवाइडर:महीनों से मरम्मत नहीं, रात में बढ़ता...

चरगाहवा नदी के पास टूटा डिवाइडर:महीनों से मरम्मत नहीं, रात में बढ़ता है खतरा; ग्रामीणों ने तत्काल ठीक करने की मांग की

बढ़नी से बलरामपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर चरगाहवा नदी के पास एक डिवाइडर महीनों से टूटा पड़ा है। डिवाइडर का एक हिस्सा टूटकर झाड़ियों में गिर गया है। इसके ठीक बगल में सड़क किनारे गहरी खाई है, जिससे वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते पर पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने अभी तक डिवाइडर की मरम्मत नहीं कराई है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक साल पहले इसी रास्ते पर एक बस बेकाबू होकर पलट गई थी। उस हादसे में कुछ लोगों की जान भी चली गई थी। इसके बाद भी सड़क सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। कुछ महीने पहले बाराबंकी से केले लादकर आ रही एक पिकअप भी इसी रास्ते पर बेकाबू होकर पलट गई थी। हालांकि, उस हादसे में ड्राइवर की जान बच गई थी। चरगाहवा नदी के पास डिवाइडर टूटने से सड़क का किनारा खतरनाक हो गया है। रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है। तेज रफ्तार में कोई गाड़ी बेकाबू हुई तो वह गहरी खाई में गिरकर बड़े हादसे का शिकार हो सकती है। बाहर से आने वाले ड्राइवरों को रात में इस टूटी जगह का पता भी नहीं चल पाता। स्थानीय निवासी अनुज चौधरी ने कहा कि डिवाइडर बहुत समय से टूटा पड़ा है। इस रास्ते पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद मरम्मत न होना चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सुरक्षा ठीक करनी चाहिए। फारूक ने बताया कि NH-730 पर दिन-रात गाड़ियां चलती रहती हैं। टूटे डिवाइडर और गहरी खाई की वजह से दुर्घटना होने का डर बना रहता है। जावेद आलम और बबलू समेत दूसरे ग्रामीणों ने भी टूटे डिवाइडर को तुरंत ठीक कराने और सड़क किनारे सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मौके पर आकर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि कोई बड़ा हादसा होने से पहले इस समस्या को ठीक किया जा सके।