बृजमनगंज और लेहरा क्षेत्र में बरसात के बाद कई जगहों पर पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। शाम होते ही मच्छरों के झुंड से लोग परेशान हैं। इससे मलेरिया, डेंगू और वायरल बुखार जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों में गंदा पानी भरा है और कचरा नहीं उठाया जा रहा है, जिससे मच्छर पनप रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसमें बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पूरे क्षेत्र में मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। इसके साथ ही नालियों की सफाई की भी मांग की गई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते छिड़काव और सफाई नहीं हुई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।


























