महाराजगंज के दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में बुधवार यानी की आज को कृषि विज्ञान से संबंधित एक जागरूकता और मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक अवनीश सिंह ने विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। श्री सिंह ने समझाया कि कृषि सिर्फ अनाज उत्पादन तक सीमित नहीं है। यह रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता का भी एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती, उन्नत बीज, पौध संरक्षण, मिट्टी के स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी नई संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान को रोजगार और भविष्य के करियर से जोड़कर देखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक सोच और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से कृषि को अधिक फायदेमंद और टिकाऊ बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कृषि विज्ञान से जुड़े कई सवाल पूछे। कृषि वैज्ञानिक ने उनका सरल और उपयोगी तरीके से जवाब दिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कृषि और वैज्ञानिक सोच के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना था। इस मौके पर विद्यालय परिवार ने कृषि वैज्ञानिक अवनीश सिंह का आभार जताया। रमेश कुमार सिंह, नरसिंह भारती और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ मौजूद रहे।

































