BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home अपराध UP: मां की आंखों के सामने नदी में समा गया 5 साल...

UP: मां की आंखों के सामने नदी में समा गया 5 साल का प्रियांशु,चीखती रही मां…जारी है मासूम की तलाश

बांदा: जिस बेटे को मां बुखार से राहत दिलाने के लिए दवा कराने निकली थी,वही मासूम रास्ते में उसकी आंखों के सामने चंद्रावल नदी में समा गया।पांच वर्षीय प्रियांशु पाल के नदी में गिरते ही मां शशि पाल की चीख निकल पड़ी।

मां की पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और नदी में उतरकर मासूम को तलाशने लगे, लेकिन काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।हादसा बुधवार सुबह करीब आठ बजे पड़ोहरा गांव के पास हुआ। बताया गया कि प्रियांशु पिछले चार-पांच दिनों से बुखार से पीड़ित था।मां उसे दवा कराने नांदादेव जा रही थी।चंद्रावल नदी के क्षतिग्रस्त रपटे को पार करते समय मां बच्चे को वहां बनी दीवार के ऊपर से निकाल रही थी।इसी दौरान संतुलन बिगड़ा और प्रियांशु नदी में गिर गया।

Also Read: सिकंदराराऊ में सपा की साइकिल यात्रा रोकी, प्रशासन से तीखी नोकझोंक

ग्रामीणों के बाद NDRF ने संभाला मोर्चा

बच्चे के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तलाश शुरू कर दी।सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।पैलानी एसडीएम भूपेंद्र सिंह, तहसीलदार महेंद्र गुप्ता और नायब तहसीलदार वेद प्रकाश समेत जसपुरा व पैलानी पुलिस मौके पर पहुंची।NDRF टीम और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में खोज अभियान शुरू किया।देर तक मासूम की तलाश जारी रही।

Also Read: आज़म खान को बड़ा झटका! इनकम टैक्स विभाग ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट का 12AB रजिस्ट्रेशन रद्द किया

अहमदाबाद में मजदूरी करता है पिता,घर में मचा कोहराम

प्रियांशु तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का है।उसके पिता संतोष पाल अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।बाबा सुखदेव पाल और दादी दुर्गी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन नदी की ओर टकटकी लगाए मासूम के सकुशल मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।

दो माह से टूटा पड़ा है रपटा, मजबूरी में जोखिम उठा रहे ग्रामीण

ग्रामीणों के अनुसार पड़ोहरा का रपटा करीब दो माह से क्षतिग्रस्त है और आवागमन बंद है।इसके चलते लोगों को आमरा गांव के रास्ते करीब 20 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।ऐसे में कई ग्रामीण मजबूरी में क्षतिग्रस्त रपटे से होकर गुजरते हैं।बुधवार को इसी जोखिम भरे रास्ते पर हादसा हो गया।फिलहाल प्रशासन, NDRF और गोताखोरों की टीम मासूम की तलाश में जुटी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

The post UP: मां की आंखों के सामने नदी में समा गया 5 साल का प्रियांशु,चीखती रही मां…जारी है मासूम की तलाश appeared first on Breaking Tube.