BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home अपराध UP में VIP सुरक्षा होगी और मजबूत, गनरों को मिलेंगी नई गन;...

UP में VIP सुरक्षा होगी और मजबूत, गनरों को मिलेंगी नई गन; राम मंदिर समेत संवेदनशील ठिकानों पर स्नाइपर तैनात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण लोगों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी है। सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण के तहत हथियारों और सुरक्षा उपकरणों की खरीद के लिए कई प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इसका सीधा असर VIP सुरक्षा में लगे जवानों, PAC की महिला इकाइयों और विशेष सुरक्षा बल (SSF) की तैनाती पर पड़ेगा।

जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में तैनात गनरों के लिए 800 नई 9mm सब-मशीन गन खरीदी जाएंगी। इनके साथ 2.56 लाख कारतूस भी लिए जाएंगे। इस पूरी खरीद के लिए करीब 5.59 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। मौजूदा हथियारों की जगह नए हथियार मिलने से VIP ड्यूटी में तैनात जवानों की फायरपावर और सुरक्षा क्षमता बढ़ाने की योजना है।

पीएसी की वाहिनियों को भी मिलेंगे हथियार

इसी तरह PAC की तीन नई महिला वाहिनियों को भी आधुनिक हथियार उपलब्ध कराए जाएंगे। इनके लिए 373 पिस्टल और 90 असॉल्ट राइफल खरीदने पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

दूसरी ओर, SSF के जिम्मे आने वाले हाई-सिक्योरिटी इलाकों पर भी खास ध्यान दिया गया है। अयोध्या में राम मंदिर, लोकभवन, मेट्रो स्टेशन, RRTS और इलाहाबाद हाईकोर्ट जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। इसके तहत SSF में स्नाइपर तैनात किए जाने की योजना है।

सरकार ने दी जानकारी

सरकार ने तीन आधुनिक स्नाइपर राइफलों की खरीद को मंजूरी दी है। एक राइफल की अनुमानित कीमत करीब 10.76 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा सुरक्षा जांच के लिए 14 टेलीस्कोपिक सर्च मिरर भी खरीदे जाएंगे।

इन कदमों का मकसद राज्य के हाई-सिक्योरिटी जोन में निगरानी और सुरक्षा क्षमता बढ़ाना है। नई खरीद के बाद VIP सुरक्षा, महिला PAC इकाइयों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में तैनात बलों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे।