BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home अपराध UP: धान की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से...

UP: धान की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, पत्नी ने लगाया झटका तार में करंट उतरने का आरोप

0
3

अमेठी: थाना क्षेत्र के पतऊ का पुरवा निवासी किसान सुरेंद्रनाथ यादव (65) की गुरुवार सुबह धान की फसल की सिंचाई के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

परिजनों के मुताबिक सुरेंद्रनाथ यादव सुबह धान की फसल की सिंचाई करने के लिए खेत गए थे। इसी दौरान खेत की मेड़ पर लगाए गए झटका तार में विद्युत करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और खेत की मेड़ पर गिर पड़े। कुछ देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी उन्हें खोजते हुए खेत पहुंचीं। वहां उन्होंने पति को झटका तार के ऊपर गिरा देखा।

Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे

पत्नी ने बताया कि पति को करंट की चपेट में देख उन्होंने लाठी-डंडे की मदद से उन्हें तार से अलग करने का प्रयास किया। इस दौरान वह खुद भी विद्युत करंट की चपेट में आ गईं। बाद में किसी तरह उन्हें तार से अलग किया गया और परिजनों की मदद से सुरेंद्रनाथ यादव को इलाज के लिए सीएचसी संग्रामपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी का आरोप है कि किसी व्यक्ति द्वारा विद्युत पोल से झटका तार में करंट उतार दिया गया था। इससे खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए झटका तार में भी विद्युत प्रवाहित हो रही थी। उनका कहना है कि सुरेंद्रनाथ यादव को तार में करंट होने की जानकारी नहीं थी, जिसके कारण वह उसकी चपेट में आ गए।घटना की जानकारी मिलते ही संग्रामपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

The post UP: धान की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, पत्नी ने लगाया झटका तार में करंट उतरने का आरोप appeared first on Breaking Tube.